राँची

रांची में टोल प्लाजा पर गिरा हाईमास्ट, दो लोगों की मौत; पांच गंभीर

झारखंड के रांची स्थित हाईवे के टोल प्लाजा पर हाई मास्ट लाइट का टावर गिर गया। इस हादसे में आने से दो लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

Image

रांची में टोल प्लाजा पर गिरा हाईमास्ट

रांची: नगड़ी थाना क्षेत्र में हाईवे के टोल प्लाजा पर मंगलवार को हाई मास्ट लाइट का टावर गिर गया। इसकी चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नगड़ी थाना प्रभारी अभिषेक राय ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि रांची से गुमला की ओर से जाने वाले हाईवे में टोल प्लाजा के किनारे लगा हाई मास्ट लाइट का टावर अचानक यात्रियों से भरे ऑटो पर गिर पड़ा। टावर इतना वजनी था कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। ऑटो सवार दो महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। अन्य यात्री भी मलबे में दब गए।

मलबे के नीचे दबे यात्री

हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। मलबे के नीचे दबे यात्रियों को बड़ी मशक्कत से बाहर निकाला गया। सूचना पाकर नगड़ी थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। इसके बाद गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। दोनों मृतक महिलाएं और सभी घायल आस-पास के इलाके के बताए जा रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक उनकी पहचान नहीं हो पाई है।

आशंका है कि हाईवे निर्माण के क्रम में की गई खुदाई की वजह से हाईमास्ट लाइट टावर का बेस कमजोर होने से यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि टोल प्लाजा का प्रबंधन देखने वाली कंपनी की लापरवाही की वजह से इतना बड़ा हादसा हुआ है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article