राँची

झारखंड के लोहरदगा में गैंगवार, गोलीबारी में एक अपराधी की मौत

झारखंड के लोहरदगा जिले के कुड़ू प्रखंड मुख्यालय स्थित बस स्टैंड पर मंगलवार को दिनदहाड़े हुई गैंगवार में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, सुभाष का आपराधिक इतिहास रहा है।

Image

सांकेतिक फोटो।

Photo : iStock

झारखंड के लोहरदगा जिले के कुड़ू प्रखंड मुख्यालय स्थित बस स्टैंड पर मंगलवार को दिनदहाड़े गैंगवार में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मारे गए युवक की पहचान सुभाष जायसवाल उर्फ छोटू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मृतक का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। रांची में करीब पंद्रह दिन पहले पंडरा में 13 लाख रुपए के लूटकांड में पुलिस को उसकी तलाश थी। पुलिस ने इस हत्याकांड में एक युवक को गिरफ्तार किया है।

दिनदहाड़े गैंगवार

बताया जा रहा है कि सुभाष जायसवाल मंगलवार को अपने एक साथी के साथ अपाचे बाइक पर कुड़ू बस स्टैंड पहुंचा था। दोनों ने बस एजेंट संतु पासवान की हत्या करने के इरादे से गोली चलाई। संतु पासवान बचने के लिए भाग गया। फायरिंग की आवाज से बस स्टैंड में भगदड़ मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। इस बीच एक दूसरे आपराधिक गिरोह के बदमाश ने सुभाष जायसवाल पर जवाबी फायरिंग की। गोली सुभाष के सिर पर लगी। वह मौके पर गिर पड़ा, जबकि उसका साथी भाग खड़ा हुआ।

मौके पर पहुंची पुलिस

फायरिंग की सूचना पाकर पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल हालत में सुभाष को स्थानीय हॉस्पिटल ले जाया गया। वहां से उसे रिम्स रांची के लिए रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। जिस बस एजेंट संतु पासवान पर सुभाष ने फायरिंग की थी, उसके भाई की कुछ समय पहले गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

एक अपराधी गिरफ्तार

पुलिस ने फायरिंग करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान एनामुल अंसारी के रूप में हुई है। एनामुल भी पूर्व में कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है। उस पर कुड़ू के पूर्व अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह पर जानलेवा हमला करने का आरोप है। बहरहाल, पूरे मामले में हर एंगल से तहकीकात की जा रही है। जिले के वरीय अफसर भी घटना की जानकारी मिलने के बाद कुड़ू पहुंचे हैं।

24 घंटे में चार की हत्या

झारखंड में पिछले 24 घंटे के भीतर अलग-अलग इलाकों में हुई आपराधिक वारदातों में चार लोगों की गोली मारकर हत्या की गई है। सोमवार को बोकारो जिले के कसमार प्रखंड में हजारीबाग डिस्ट्रिक्ट ट्रेजरी के स्टाफ पिंटू कुमार नायक, सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल में स्टूडियो संचालक दिलीप कुमार गोराई और साहिबगंज जिले के मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र में ग्राम प्रधान होली कोड़ा की हत्या कर दी गई थी।

इनपुटः आईएएनएस

Maahi Yashodhar
Maahi Yashodharauthor

माही यशोधर Timesnowhindi.com में न्यूज डेस्क पर काम करती हैं। यहां वह फीचर, इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स न्यूज कवर करती हैं। इसके अलावा वह डेवलपमेंट की खबरों पर भी नजर रखती हैं। वह सड़क, रेल और इंफ्रास्ट्रक्चर के अलावा क्राइम और पर्यावरण से जुड़ी खबरें भी लिखती हैं। राजनीति में खास रुचि होने के कारण वह राजनेताओं और राजनीति से जुड़ी खबरें ब्रेक करते हैं। इससे पहले माही ने देश के नामी मीडिया संस्थानों एनडी टीवी और न्यूज18 में काम किया है। माही यशोधर ने पत्रकारिता में डिग्री ली है। उन्होंने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत देश के नामी संस्थान टाइम्स से की थी, जहां उन्होंने एंटरटेनमेंट डेस्क पर रहते हुए खबरों को धार दी। इसके बाद वह डिजिटल पत्रकारिता में आगे बढ़ती रहीं। पूर्व में माही यशोधर ने एंटरटेनमेंट, हेल्थ, एजुकेशन, एस्ट्रो, वायरल और लाइफस्टाइल की खबरों पर काम किया है। माही हर छोटी-बड़ी खबर को जल्द से जल्द अपने पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। माही अपने पाठकों की नब्ज अच्छे से समझती हैं। उन्हें खबरों की अच्छी समझ है और उनकी भाषा ऐसी है कि कम शब्दों में भी पाठक को पूरी खबर समझा देती हैं।

और पढ़ें
End of Article