राँची

Bokaro: तालाब में नहाते समय डूबी बच्ची, बचाने गए 3 लोग भी नहीं आए बाहर; चारों की मौत

झारखंड के बोकारो में तालाब में डूबने से चार लोगों की मौत हो गई। मंगलवार को तालाब नहाने के दौरान एक बच्ची डूबने लगी। जिसे बचाने के लिए गई उसकी बहन भी गहराई में चली गई। दोनों बेटियों को बचाने के लिए उसकी मां और एक अन्य महिला भी आगे बढ़ी। लेकिन चारों में से किसी की जान नहीं बच सकी।

Image

प्रतीकात्मक फोटो

Photo : iStock

झारखंड के बोकारो जिले में चंदनकियारी प्रखंड के गमहरिया गांव में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हुआ। यहां तालाब में डूबने से एक महिला, उनकी दो बेटियों और एक अन्य महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में कोहराम मचा है। मृतकों की पहचान बोकारो जिला परिषद में लिपिक के पद पर कार्यरत दिनेश दास की पत्नी 35 वर्षीय लता दास, उनकी दो बेटियों 14 वर्षीय शिखा किशोर, 9 वर्षीय तन्वी किशोर और गांव की एक अन्य 55 वर्षीय महिला शांति देवी के रूप में हुई है।

गर्मी की छुट्टियों में गांव आया था परिवार

बताया गया कि दिनेश दास अपने परिवार के साथ बोकारो में रहते हैं। स्कूल में गर्मी की छुट्टी होने पर उनकी पत्नी दोनों बच्चियों के साथ बरमसिया ओपी स्थित गमहरिया गांव गई थीं। मंगलवार को वे तालाब में नहाने पहुंची थीं। इस दौरान सबसे पहले 9 वर्षीय तन्वी गहरे पानी में जाने लगी तो उसकी बहन शिखा उसे बचाने के लिए उसकी ओर बढ़ी, लेकिन दोनों और गहराई में चली गईं। यह देखकर उनकी मां लता दास और तालाब किनारे कपड़े धो रही एक अन्य महिला शांति दास ने पानी में उतरकर उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन चारों में से कोई बाहर नहीं निकल पाया।

स्थानीय गोताखोरों ने निकाला बाहर

तालाब के दूसरे छोर पर मौजूद एक युवक ने शोर मचाया तो गांव के लोग दौड़े। स्थानीय गोताखोरों ने चारों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें पड़ोसी राज्य बंगाल के पुरुलिया स्थित एक हॉस्पिटल में ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने सभी को मृत घोषित कर दिया। बाद में बरमसिया ओपी के प्रभारी और पुलिस टीम ने चारों शवों का चास स्थित सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया।

जमशेदपुर में लेक में डूबे दो युवक

मंगलवार को ही झारखंड के जमशेदपुर शहर स्थित डिमना लेक में डूबने से दो युवकों की मौत हो गई। सिविल डिफेंस टीम की घंटों कोशिश के बाद दोनों के शव बाहर निकाले गए। मृतकों की पहचान शहर के मानगो इलाके के निवासी नितिन गोराई और प्रतीक कुमार के रूप में हुई है। पिछले 40 दिनों के अंदर झारखंड में नदी, तालाब, जलाशयों में डूबने से 20 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article