राँची

Jharkhand: कोरोना को देखते हुए झारखंड में डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द, रेलवे स्टेशनों और बस अड्डे पर डॉक्टर की टीम तैनात

Jharkhand: झारखंड में कोरोना के नए वेरिएंट का एक मामला सामने आने के बाद झारखंड सरकार ने एहतियाती तौर पर आवश्यक कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। राज्य में डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द कर दी गई है। साथ ही रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर डॉक्टरों की टीम को तैनात किया गया है, ताकि बाहर से आने वाले लोगों की जांच की जा सके।

Image

कोरोना को देखते हुए झारखंड में डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द

Photo : iStock

Jharkhand: देश के विभिन्न राज्यों में कोविड के नए वेरिएंट जेएन-1 के कई मामले सामने आ रहे हैं। केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बाद अब झारखंड में कोविड का पहला मामला सामने आया है। इसे देखते हुए झारखंड सरकार ने एहतियाती तौर पर आवश्यक कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। राज्य के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की छुट्टियां अगले आदेश तक रद्द कर दी गई हैं। सभी जिलों को अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड बनाने, ऑक्सीजन की आपूर्ति को दुरुस्त करने और स्टॉक में जरूरी दवाइयों के प्रबंधन के निर्देश जारी किए गए हैं।

झारखंड में कोविड के नए वेरिएंट का पहला केस

जानकारी के लिए बता दें कि झारखंड में रविवार को कोविड का पहला केस सामने आया था। मरीज का इलाज एक स्थानीय अस्पताल में किया जा रहा है और उनकी स्थिति अब बेहतर बताई जा रही है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सोमवार को रांची सदर अस्पताल में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर कोविड के नए वेरिएंट के मद्देनजर एहतियाती उपायों की समीक्षा की। साथ ही अस्पताल में बनाए गए आइसोलेशन वार्ड का निरीक्षण भी किया।

राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी

मीडिया से बात करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य में कोविड के नए वेरिएंट को लेकर लोगों को भयभीत और आशंकित होने की जरूरत नहीं है। स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है। उन्होंने कहा कि केंद्र की ओर से इसे लेकर फिलहाल अलग से कोई गाइडलाइन जारी नहीं की गई है। हमारी जानकारी के अनुसार, देश में अब तक 275 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। इसे देखते हुए राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग की ओर से एडवाइजरी जारी की गई है।

कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की लोगों से अपील

राज्य के लोगों से भी यथासंभव कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की जा रही है। सर्दी, खांसी, बुखार और कोविड से संबंधित किसी भी तरह का लक्षण दिखने पर लोगों से जांच कराने और चिकित्सकों से संपर्क करने की सलाह दी गई है। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर डॉक्टरों की टीम तैनाती की गई है, ताकि बाहर से आने वाले कोरोना के संदिग्ध मरीजों की जांच की जा सके और राज्य में कोरोना के मामलों को बढ़ने से रोका जा सके।

राज्य में स्थिति नियंत्रण में - झारखंड स्वास्थ्य मंत्री

स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "राज्य में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। किसी भी प्रकार की घबराहट की आवश्यकता नहीं है। मैं स्वयं स्थिति की सतत निगरानी कर रहा हूं। स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है और सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।"

(इनपुट-आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article