राँची

हत्या या हादसा? रांची में सड़क निर्माण के गड्ढे में मिले दो शव, एक बाइक और रिवॉल्वर भी हुई बरामद

रांची के टाटीसिलवे इलाके में सड़क निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में दो युवकों के शव मिले है। उनके पास से एक बाइक और रिवॉल्वर भी बरामद हुई है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और पता लगा रही है कि यह हत्या का मामला है या हादसा है?

Image

सांकेतिक फोटो

Ranchi News: रांची के टाटीसिलवे इलाके में गुरुवार को एक गड्ढे से दो युवकों के शव बरामद किए गए हैं। दोनों युवकों की पहचान गुमला जिले के संदीप साहू और गोपाल साहू के रूप में हुई है। गड्ढे में एक बाइक भी पड़ी थी। गड्ढे से शवों को निकाले जाने के दौरान पुलिस ने एक रिवॉल्वर भी बरामद किया है। दोनों की मौत किसी हादसे में हुई है या फिर उनकी हत्या कर शव गड्ढे में फेंका गया है, यह साफ नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है।

रिवॉल्वर मिलने से उलझा मामला

टाटीसिलवे थाना क्षेत्र में आरा गेट और सेनिटोरियम के बीच सड़क निर्माण के लिए बनाए गए गड्ढे में दो युवकों को गिरा देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग जुट आए। शुरुआत में यह माना जा रहा था कि दोनों युवक बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे होंगे और असंतुलित होकर गहरे गड्ढे में गिरने से उनकी मौत हुई होगी। पुलिस ने जब मौके से रिवॉल्वर बरामद किया, तो यह मामला उलझ गया।

युवकों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच

रांची और आस-पास के जिलों के थानों को युवकों की तस्वीरें भेजी गईं। दोपहर बाद दोनों के शवों की शिनाख्त हुई। दोनों युवक गुमला जिले के सिसई थाना अंतर्गत डरहा गांव के रहने वाले थे। इस बात की जांच की जा रही है कि युवकों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड है या नहीं। इस संबंध में गुमला जिले की पुलिस से ब्योरा उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है। युवकों के परिजन भी घटना की सूचना पाकर रांची पहुंचे हैं। पुलिस उनसे भी जानकारी लेने की कोशिश कर रही है। रांची मुख्यालय के डीएसपी अमर कुमार पांडेय ने बताया कि गड्ढे से दो युवकों के शव बरामद किए गए हैं। मौके पर मोटरसाइकिल और एक हथियार भी मिला है। मामले की जांच की जा रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article