Dumka: दिन दहाड़े बैंक से 20 लाख की डकैती, हथियार लहराकर लुटेरों ने फैलाई दहशत; धरी रह गई सुरक्षा

झारखंड के दुमका में दिन दहाड़े बैंक में डकैती कर लुटेरों ने दहशत फैला दी। हथियार के बल पर लुटेर बैंक से लगभग 20 लाख रुपये की राशि लूट ले गए।

दुमका: जिले के हंसडीहा बाजार स्थित इंडियन बैंक की शाखा में गुरुवार दोपहर अपराधियों ने धावा बोलकर लाखों रुपए लूट लिए। लूट की रकम के बारे में बैंक प्रबंधन की ओर से फिलहाल आधिकारिक तौर पर जानकारी नहीं दी गई है। लेकिन, यह राशि 20 लाख रुपये के आसपास बताई जा रही है। घटना के बाद तमाम बैंकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। दिन में इस तरह की घटना से पुलिस महकमें की सुरक्षा में सवाल उठ रहे हैं।

पांच लुटेरों ने दिया घटना को अंजाम

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस तहकीकात में जुटी है। लुटेरों के भागने की दिशा में छापेमारी की जा रही है। जरमुंडी के एसडीपीओ संतोष कुमार ने बताया कि लुटेरों की संख्या पांच थी। पुलिस बैंक अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्राहकों से घटना के बारे में जानकारी ले रही है। सीसीटीवी फुटेज भी निकाला गया है।

हथियार लहराकर बैंक कर्मियों को बनाया बंधक

बताया जा रहा है कि अपराधकर्मी सामान्य कस्टमर की तरह बैंक में एक-एक कर घुसे। फिर अचानक हथियार लहराते हुए उन्होंने बैंककर्मियों और ग्राहकों को कब्जे में लेकर लूटपाट की। यह बैंक शाखा झारखंड-बिहार सीमा पर स्थित सरैयाहाट प्रखंड में स्थित है। बिहार का बांका जिला इसकी सीमा से सटा है। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी बिहार की तरफ भागे हैं। बांका जिले की पुलिस को भी अलर्ट किया गया है।

(इनपुट-भाषा)

End Article
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सि...

End of Feed