राँची

Big Accident in Jharkhand : हजारीबाग में डैम में डूबे छह स्कूली छात्र और तीन के शव बरामद, CM सोरेन ने जताया दु:ख

Big Accident in Jharkhand : हजारीबाग से बाइक और स्कूटी पर सवार होकर सात छात्र डैम में नहाने के लिए पहुंचे थे। इनमें से कोई एक गहरे पानी में चला गया, जिसे बचाने के चक्कर में छह छात्र डूब गए। एक छात्र किसी तरह बाहर निकला।

Image

डैम में डूबकर तीन की मौत। (सांकेतिक फोटो)

Big Accident in Jharkhand : हजारीबाग स्थित एक स्कूल के छह छात्र इचाक थाना क्षेत्र में स्थित लोटवा डैम में डूब गए। इनमें से तीन के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि तीन अन्य की तलाश जारी है। झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव के लिए अभियान चलाने को कहा है। बताया गया कि ये सभी हजारीबाग के माउंड एग्माउंट स्कूल में प्लस टू में पढ़ते थे।

मुख्‍यमंत्री ने जताया दु:ख

झारखंड के मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन ने घटना पर गहरा शोक प्रकट किया। एक्‍स (पूर्व में ट्विटर) पर उन्‍होंने लिखा कि, 'लोटवा डैम में हादसे की दुखद खबर से मन व्यथित है। जिला प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य किया जा रहा है। परमात्मा, हादसे में मरने वाले बच्चों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुःख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दें।'

इस तरह हुआ हादसा

मंगलवार सुबह करीब दस बजे सात छात्र हजारीबाग से बाइक और स्कूटी पर सवार होकर डैम में नहाने पहुंचे थे। यह डैम हजारीबाग नेशनल पार्क के पास स्थित है। सभी ने स्कूल ड्रेस डैम के किनारे उतार दिया और नहाने के लिए उतर गए। आशंका जताई जा रही है कि, इनमें से कोई एक गहरे पानी में चला गया, जिसे बचाने के चक्कर में छह छात्र डूब गए। एक छात्र किसी तरह बाहर निकला। घटना की सूचना जैसे ही इचाक पुलिस को मिली, वह घटनास्थल पर पहुंची। डूबने वाले छात्रों में हजारीबाग के ओकनी मोहल्ले का रजनीश पांडे और सुमित कुमार, मटवारी का मयंक सिंह, दीपूगढ़ा का प्रवीण गोप, पीटीसी चौक का ईशान सिंह और मटवारी गांधी मैदान कॉलोनी का शिवसागर शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि, इनमें से तीन के शव बाहर निकाल लिए गए हैं। घटना की सूचना पाकर इनके परिजन भी मौके पर पहुंचे। फिलहाल घटना के बाद भी डैम के पास ग्रामीणों की भीड़ जमा है।

(भाषा)

Shaswat Gupta
शाश्वत गुप्ता author

पत्रकारिता जगत में पांच साल पूरे होने जा रहे हैं। वर्ष 2018-20 में जागरण इंस्‍टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्‍युनिकेशन से Advance PG डिप्लोमा करने के... और देखें

End of Article