अयोध्या: राम मंदिर उद्घाटन के बाद पहले दिन भक्तों का हुजूम उमड़ पड़ा। देर मंगलवार की देर शाम तक दर्शानार्थियों की भारी संख्या को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला किया है। नियमानुसार 7 बजे मंदिर के कपाट बंद होने थे, लेकिन भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए दर्शन रात 9 बजे तक होंगे। आखिरी जानकारी तक शाम 6 बजे तक तीन लाख से ज्यादा लोगों ने दर्शन किये हैं। हालांकि, अधिकारिक आंकड़ा अभी जारी नहीं हुआ है।
दोपहर में 40 मिनट बंद हुआ मंदिर
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, रामलला के दर्शन के लिए राम मंदिर में रोजाना दर्शन का समय सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक है। इसके बाद दोपहर 12 से 2 बजे तक मंदिर बंद रहेगा। इसके उपरांत दोपहर 2 से रात 7 बजे तक दर्शन के लिए मंदिर खुलते हैं। जानकारी के मुताबिक, प्राण प्रतिष्ठा के पहले दिन भारी भीड़ को देखते हुए दोपहर 12 बजे के बाद मात्र 40 मिनट ही मंदिर बंद हुआ। इसके बाद से ही रामलला के दर्शन शुरू हुए है जो अभी तक चल रहे हैं।
प्राण प्रतिष्ठा के पहले दिन भारी भीड़
आपको बता दें 22 जनवरी को राम मंदिर के उद्घाटन के बाद ज्यादातर भक्तों को मंदिर के खुलने औपर बंद होने की जानकारी नहीं है। इसके अतिरिक्त पहला दिन होने के कारण भीड़ काफी ज्यादा है। लिहाजा, दर्शन के लिए मारामारी रही। देर शाम तक रिकॉर्ड तीन लाख से अधिक राम भक्तों में भगवान रामलला के दर्शन किए। यही कारण है कि मंदिर को तय समय पर बंद नहीं किया जा सका है। मिली जानकारी के मुताबिक, रामलला की पूरे दिन में 6 बार आरती होती है। जिसमें सुबह 4.30 बजे मंगल आरती, फिर, सुबह 6.30 से 7.00 बजे श्रृंगार आरती, इसके बाद 11.30 राजभोग आरती, दोपहर 2.30 बजे भी शयन से जगाने के लिए आरती, शाम 6.00 बजे संध्या आरती और अंत में रात 8.30 बजे से 9.00 बजे शयन आरती होती है। उद्घाटन के बाद पहले दिन से अभी मंदिर में अनुमान से अधिक भक्त पहुंचे हैं। इसी कारण अभी मंदिर के बंद होने के समय को बढ़ाया गया है।
