शहर

राजस्थान पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी; मुठभेड़ में पकड़ा गया लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सक्रिय गैंगस्टर

राजस्थान में जवाहरनगर पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक युवक को पकड़ा, जो गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़ा हुआ था। आरोपी सुपारी लेकर श्रीगंगानगर की ओर जा रहा था और रास्ते में पुलिस से टकरा गया। पुलिस ने इस दौरान उसकी गतिविधियों और गैंग के नेटवर्क का पर्दाफाश किया।

Image

राजस्थान पुलिस ने एनकाउंटर के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गैंगस्टर को पकड़ा (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

Rajasthan Police Encounter: राजस्थान में जवाहरनगर पुलिस की नाकाबंदी के दौरान हुई मुठभेड़ में पकड़ा गया युवक गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि वह गिरोह से सुपारी लेकर श्रीगंगानगर की ओर आ रहा था, तभी रास्ते में पुलिस से उसकी भिड़ंत हो गई। इस घटना के बारे में बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश ने जानकारी साझा की। आईजी के अनुसार, आगरा का 25 वर्षीय आकाश निगम शुक्रवार शाम साधुवाली चेक पोस्ट पर नाकाबंदी के दौरान बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल से गुजर रहा था। पुलिस को देखकर उसने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया। पीछा करती हुई पुलिस टीम पर आकाश ने रिवॉल्वर से तीन राउंड फायर किए। इसके जवाब में पुलिस ने गोली चलाई, जिसमें आकाश के पैर में लगी और फिर उसे नियंत्रित कर लिया गया।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा गैंगस्टर

आईजी के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी युवक ने बताया कि वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ था और उसे किसी टारगेट पर फायरिंग करने के लिए रेकी करने का काम सौंपा गया था। उसने यह भी स्वीकार किया कि दो महीने पहले हनुमानगढ़ जिले के भादरा इलाके में अपने साथियों के साथ किसी वारदात की योजना बनाई थी। आरोपी को पकड़ने में जवाहरनगर सीआई देवेन्द्र सिंह, एसआई नरेश कुमार, हेड कांस्टेबल हरदेव सिंह और कांस्टेबल ओमप्रकाश, भरतलाल, उग्रसेन, दयाराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मामले की आगे की जांच अब सदर सीआई सुभाषचन्द्र को सौंपी गई है।

पुलिस रख रही है इन चीजों पर निगरानी

आईजी ने बताया कि पुलिस सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध व्यक्तियों और उनके फॉलोअर्स पर भी कड़ी निगरानी रख रही है। लालगढ़ थाना क्षेत्र के गांव केराचक के 20 वर्षीय आकाशदीप को सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी आतंकवादी शहजाद भट्टी से संपर्क में पाया गया और उसे गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी अपराधियों के नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है, जो देश विरोधी गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे हैं और ऐसे तत्वों को किसी भी हालत में पनपने नहीं दिया जाएगा। आईजी ने कहा कि जिले की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खुफिया जानकारी पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसी के तहत रावला क्षेत्र में दस किलो हेरोइन की खेप बरामद की गई और पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article