Forest Minister Sanjay Sharma Action News: राजस्थान सरकार के वन मंत्री और सीकर जिले के प्रभारी मंत्री संजय शर्मा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। अपने कड़े और बेबाक फैसलों के लिए जाने जाने वाले मंत्री जी का इस बार एक पुलिस जवान को सार्वजनिक रूप से फटकार लगाने का मामला सामने आया है। दरअसल, वीआईपी ड्यूटी (VIP Duty) में तैनात एक पुलिसकर्मी को सरकारी गाड़ी में आराम से एसी (AC) चलाकर बैठे रहना भारी पड़ गया। मंत्री की इस सख्त कार्रवाई का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बैठक खत्म कर बाहर निकले, तो खुली पोल
मिली जानकारी के मुताबिक, प्रभारी मंत्री संजय शर्मा बुधवार को सीकर जिले में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे थे। बैठक खत्म होने के बाद जब मंत्री बाहर निकले और अपनी गाड़ी की तरफ बढ़ रहे थे, तभी उनकी नजर वहां खड़ी एक अन्य सरकारी गाड़ी पर पड़ी। गाड़ी के सभी शीशे पूरी तरह बंद थे और अंदर एक पुलिस जवान बैठा हुआ था।
'पीएम मोदी तेल बचाने की अपील कर रहे हैं, और तुम...'
मंत्री ने जब नजदीक जाकर देखा तो सरकारी गाड़ी स्टार्ट थी और उसमें फुल स्पीड पर एसी चल रहा था। सरकारी ईंधन (Fuel) की इस तरह सरेआम बर्बादी देखकर मंत्री संजय शर्मा का पारा चढ़ गया। उन्होंने तुरंत गाड़ी का दरवाजा खुलवाया और जवान को फटकार लगाते हुए कहा, 'क्या थोड़ी देर बिना एसी के नहीं बैठ सकते? एक तरफ देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तेल बचाने और पर्यावरण की रक्षा की अपील कर रहे हैं, और दूसरी तरफ सरकारी ईंधन की इस तरह सरेआम बर्बादी की जा रही है।'
मौके पर ही नाम नोट, कार्रवाई के संकेत
मंत्री की अचानक पड़ी इस डांट से वहां मौजूद पुलिस महकमे और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मंत्री संजय शर्मा यहीं नहीं रुके, उन्होंने तुरंत मौके पर ही अपने स्टाफ से कहकर उस लापरवाह जवान का नाम और बेल्ट नंबर डायरी में नोट करवाया। उन्होंने साफ संकेत दिए हैं कि सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग करने वाले इस जवान के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद मंत्री वहां से रवाना हो गए।
