राजस्थान का मौसम (11 Jan 2026) Rajasthan Weather Today: राजस्थान में कड़ाके की ठंड का दौर, कई जिलों में एक्सट्रीम कोल्ड वेव का अलर्ट
- Authored by: Nilesh Dwivedi
- Updated Jan 11, 2026, 05:30 AM IST
राजस्थान का मौसम (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 11 Jan 2026: राजस्थान में ठंड और कोहरे का असर अब अपने चरम पर पहुंच गया है, और मकर संक्रांति से पहले ही प्रदेश ठंडी हवाओं और धुंध की चादर में ढका हुआ है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार कई इलाकों में दृश्यता कम होने के कारण वाहन चलाना मुश्किल हो गया है। राज्य के कुछ हिस्सों में कोल्ड वेव और अति शीतलहर की संभावना भी बनी हुई है।
राजस्थान में आज का मौसम
राजस्थान में आज का मौसम (11 Jan 2026): राजस्थान में ठंड की चुभन अब अपने चरम पर पहुंच गई है। मकर संक्रांति से पहले ही प्रदेश कड़े शीत और घने कोहरे की चादर में ढक गया है। मौसम विभाग (IMD) की ताजा जानकारी के अनुसार, शनिवार को जोधपुर, बीकानेर, कोटा, उदयपुर और जयपुर संभाग में दृश्यता इतनी कम थी कि वाहनों की रफ्तार सीमित हो गई। वहीं, श्रीगंगानगर में न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण मैदानी क्षेत्रों में दिन के समय भी 'कोल्ड डे' जैसे हालात बने रहे। कोहरे की मोटी चादर के चलते सूरज की किरणें भी कम दिखाई दीं, जिससे दिन के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई।
राजस्थान में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग की लेटेस्ट वेदर रिपोर्ट में कहा गया है कि, राज्य का मौसम अगले कुछ दिनों में ठंड और कोहरे के साथ रहेगा। आज 11 जनवरी को दिन के समय ठंड का अनुभव हो सकता है। वहीं, 14 जनवरी तक प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में कोल्ड वेव की संभावना है, जबकि 12 और 13 जनवरी को कुछ हिस्सों में यह कोल्ड वेव गंभीर रूप ले सकती है। हालांकि, IMD ने विशेष चेतावनी दी है कि शेखावाटी क्षेत्र के सीकर, झुंझुनू और चूरू जिलों में इन दिनों 'एक्सट्रीम कोल्ड वेव' यानी अति शीतलहर चल सकती है।
कोहरे का क्या हाल रहेगा?
कोहरे की बात करें तो आज अलग-अलग इलाकों में घना से बहुत घना कोहरा रहने की संभावना है। कोहरे के हालात 13 जनवरी तक बने रह सकते हैं। हालांकि, न्यूनतम तापमान में अगले दो दिनों में कोई खास बदलाव नहीं देखने को मिलेगा, इसके बाद दो दिनों में 2-3°C तक धीरे-धीरे वृद्धि होने की संभावना है, और फिर अगले तीन दिनों में यह 2-3°C की हल्की कमी के साथ स्थिर रहेगा।
सावधानी बरतने की जरूरत
राहत की बात यह है कि अगले एक सप्ताह तक राजस्थान का मौसम ज्यादातर शुष्क रहेगा और बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि, राज्य के पश्चिमी, उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में आने वाले 2-3 दिनों तक घना कोहरा और कड़कड़ाती ठंड से राहत मिलने की उम्मीद कम ही है। ऐसे लोगों सुबह और शाम के समय घर से बाहर निकलते समय गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी जाती है। कोहरे के चलते सड़क पर वाहन चलाते समय भी अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए। इसके अलावा, ठंड के असर से बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखना जरूरी है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।