राजस्थान में आज का मौसम (07 Jan 2026): राजस्थान में भयानक ठंड पड़ रही है। प्रदेशवासी ठंड से बचने के लिए और खुद को गर्म रखने के लिए घरों में दुबके नजर आ रहे हैं। इस दौरान सबसे अधिक परेशानी का सामना स्कूल, कॉलेज और नौकरी-पेशा करने वाले लोगों को करना पड़ रहा है। सुबह घने कोहरे के बीच अपने-अपने काम-धंधे पर जाना किसी चुनौती से कम नहीं है। ऊपर से हल्की सर्द हवाएं और लुढ़के तापमान में लोग ठिठुरते हुए दिखाई दे रहे हैं। बिगड़े मौसम की स्थिति को देखते हुए राजस्थान के 25 जिलों में स्कूलों की छुट्टियों की घोषणा कर दी गई है। कहीं 1 से 5वीं तक के स्कूल बंद है तो कहीं 8वीं तक के स्कूलों को बंद किया है। वहीं कई स्थानों पर हाईब्रिड क्लासेस ली जा रही है। आइए अब आपको बताएं कैसा रहेगा आज मौसम का हाल।
राजस्थान में आज कैसा रहेगा मौसम का हाल
जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, आज राजस्थान में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। कई जिलों के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की जाएगी। बता दें कि पहले ही राजस्थान के कई जिले ऐसे हैं, जहां तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है। इस बीच आईएमडी ने 7 जिलों में घने कोहरे के साथ कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है। वहीं 7 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 9 जिलों में केवल घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान में कोल्ड डे और फॉग का अलर्ट
श्रीगंगानगर, हनुमानगढ, जयपुर, टोंक, सवाई माधोपुर, बूंदी और कोटा में आईएमडी ने घने कोहरे के साथ कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है। यहां रात तो रात दिन के समय भी भीषण ठंड का सामना करना पड़ेगा। जाड़े में शीतलहर चलने की स्थिति भी बनी हुई है। यहां दिन के समय हल्की हवाएं चलेंगी, जिससे धूप का असर महसूस नहीं होगा।
राजस्थान के इन जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने राजस्थान के कुछ जिलों में घने से बहुत घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में बीकानेर, अलवर, भरतपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, राजसमंद, उदयपुर, चित्तौड़गढ़, बारां शामिल रहेगा। इसके साथ ही चूरू, झुंझुनूं, सीकर, दौसा, कलौरी, धौलपुर और झालावाड़ में कोहरे और कोल्ड डे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बुजुर्गों और बच्चों का रखें खास ख्याल
राजस्थान में लगातार ठंड बढ़ रही है। यहां सही मायनों में हांड़ कंपा देने वाली सर्दी हो रही है। बढ़ती ठंड को देखते हुए मौसम विभाग ने बच्चों और बुजुर्गों का खास ध्यान रखने की सलाह दी है। बढ़ रही ठंड में लोगों को पर्याप्त पानी पीने के लिए भी कहा जा रहा है। दरअसल, सर्दियों के सीजन में लोग पानी पीना कम कर देते हैं, ऐसी स्थिति में शरीर डिहाइड्रेट होने लगता है। पानी की कमी के कारण परेशानियां शुरू हो जाती है।
