Rajasthan ka Mausam: राजस्थान में आज का मौसम (17 April 2026): राजस्थान में गर्मी अपना असली रंग दिखाने लगी है। आसमान से मानों सूर्य आग बरसा रहा हो और सब कुछ झुलसा देने पर आमादा हो। दिन के समय इतनी तेज धूप और गर्मी पड़ रही है कि बाहर निकलना मुश्किल हो जा रहा है। यही कारण है कि दोपहर के समय ज्यादातर इलाकों में सड़कें और गलिया वीरान हो जा रही हैं। हालांकि, राहत की खबर ये है कि आज कुछ इलाकों में बारिश की संभावना है।
राजस्थान में आज कहीं बारिश तो कहीं लू का अलर्ट
गुरुवार से ही एक्टिव हुआ वेस्टर्न डिस्टर्बेंस
राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस कल गुरुवार 16 अप्रैल से ही एक्टिव हो चुका है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के मुताबिक इसके प्रभाव में राज्य के कई इलाकों के मौसम में हल्का बदलाव होगा। गुरुवार को दोपहर बाद खास तौर पर पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के इलाकों में इस वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर देखने को मिला। इस हल्के वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर के चलते इन इलाकों में बादल छाए रहे और तेज धूप से भी राहत मिली। इस सिस्टम का असर आज शुक्रवार 17 अप्रैल को चूरू, झुंझुनूं, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, सीकर और अलवर के इलाकों में भी दिख सकता है। इन जिलों में आज बारिश की संभावना है।
राजस्थान में बारिश की संभावना
भीषण गर्मी के बीच आज यानी शुक्रवार 17 अप्रैल को राजस्थान में आसमान से राहत की बूंदें बरसेंगी। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर का अनुमान है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते लगभग आधा दर्जन जिलों में आज हल्की बारिश हो सकती है। बल्कि राजधानी जयपुर सहित कुछ जिलों में तो कल यानी गुरुवार रात से ही घने बादल छाए हुए हैं।
गुरुवार को 43 डिग्री पहुंचा पारा
गुरुवार 16 अप्रैल को राजस्थान के ज्यादातर जिलों में तेज गर्मी का प्रकोप देखा गया। जैसलमेर और बाड़मेर जैसे पश्चिमी राजस्थान के जिलों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। गर्मी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि राज्य के 18 शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटे में राजस्थान के सभी जिलों में सुबह से दोपहर तक आसमान साफ रहा और तेज धूप के कारण लोगों को दिक्कतें हुईं। पश्चिमी राजस्थान के रेगिस्तानी जिलों में इन दिनों प्रचंड गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है और आज भी कुछ जिलों में Heatwave का भी अलर्ट है।
