राजस्थान में आज का मौसम (13 April 2026) Rajasthan Weather: सुहाने मौसम का दौर अब पीछे छूट गया है। आंधी-बारिश से अप्रैल की शुरुआत में लगातार मौसम अच्छा बना रहा और गर्मी पर ब्रेक लगा रहा। लेकिन अब धीरे-धीरे गर्मी का प्रचंड रूप दिखने लगा है। कल यानी रविवार 12 अप्रैल की सुबह से ही राजस्थान में आसमान साफ रहा। धूप निकलने के साथ गर्मी भी बढ़ने लगी। इसी तरह आज यानी सोमवार 13 अप्रैल को भी सुबह सूरज निकलने के साथ ही गर्मी का प्रकोप बढ़ने लगा है।
राजस्थान में प्रचंड गर्मी का दौर शुरू
राजस्थान में कल का मौसम
राजस्थान में रविवार को तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली। राज्य के पश्चिमी जिलों के साथ ही पूर्वी और दक्षिणी के एक दर्जन से ज्यादा जिलों में रविवार को अधिकतम तापमान 35 से 40 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया गया। दिन में तो भीषण गर्मी परेशान कर ही रही है, साथ ही रात में भी अब गर्मी का प्रकोप दिखने लगा है। जिससे जल्द ही वॉर्म नाइट की स्थितियां भी देखने को मिलेगी। कई जगहों पर न्यूनतम तापमान भी 20 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर का कहना है कि अगले 4-5 दिन पूरे राज्य में आसमान साफ रहेगा और तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
राजस्थान के जिलों में तापमान कितना रहा
बीकानेर, जोधपुर संभाग के कई जिलों में रविवार और आज सुबह भी धूप काफी तेज रही, जिसके कारण सुबह से ही गर्मी का एहसास होने लगा। रविवार देर शाम भी यहां गर्मी से लोग बेहाल रहे। रविवार को राज्य में सबसे ज्यादा तापमान बाड़मेर में 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जैसलमेर और चित्तौड़गढ़ में 37.6, कोटा में 37.4, फलोदी में 38.8, जालौर में 37.1, टोंक-वनस्थली में 36.4, पिलानी-झुंझुनूं, श्रीगंगानगर और चुरू में 35.8 डिग्री और राजधानी जयपुर व अजमेर में 34.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
Aaj ka Mausam
पश्चिमी विक्षोभ का असर अब पूरी तरह से खत्म हो चुका है और अब बारिश और तूफान को लेकर किसी तरह की चेतावनी नहीं है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार पूरे राजस्थान सहित उत्तर-पश्चिमी भारत के तापमान में अगले 4-5 दिनों के भीतर 3-6 डिग्री सेल्सियत तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके चलते राजस्थान में तापमान सामान्य से ऊपर जा सकता है और लोगों को भीषण गर्मी का प्रकोप झेलना पड़ सकता है।
राजस्थान में लू की चेतावनी!
IMD ने अभी तो राजस्थान के लिए लू की कोई चेतावनी जारी नहीं की है, लेकिन तापमान में तेज बढ़ोतरी की बात जरूर कही है। हालांकि, मध्य प्रदेश और गुजरात में लू की स्थिति बनने से राजस्थान में गर्म हवाएं चलने की संभावना मौसम विभाग ने जतायी है। इसके अलावा अगले एक हफ्ते के दौरान राजस्थान में बारिश या आंधी की भी कोई संभावना नहीं है।
