शहर

जैसलमेर में झमाझम बारिश! धूलभरी आंधी के बाद बदला मौसम का मिजाज; जानें 4 जून तक कैसा रहेगा हाल

Rajasthan Weather: राजस्थान के जैसलमेर जिले में नौतपा के बीच मौसम ने अचानक करवट ली है। जैसलमेर शहर, पोकरण, रामगढ़ और फलसूंड में धूलभरी आंधी के साथ तेज बारिश हुई है। मौसम विभाग ने 3 और 4 जून को मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने का अलर्ट जारी किया है।

Image

जैसलमेर में हुई झमाझम बारिश

Photo : Times Now Digital

Jaisalmer Rain: नौतपा की तपिश और लगातार पड़ रही भीषण गर्मी के बीच जैसलमेर जिले में मौसम ने अचानक करवट लेकर लोगों को बड़ी राहत दी। रविवार रात जैसलमेर शहर सहित जिले के कई इलाकों में धूलभरी आंधी के बाद हुई झमाझम बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लंबे समय से गर्मी से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली।जानकारी के अनुसार रात आठ बजे जैसलमेर शहर और आसपास के क्षेत्रों में तेज धूलभरी आंधी चली। इसके बाद बूंदाबांदी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में तेज बारिश में बदल गई। करीब 20 से 25 मिनट तक हुई बारिश के दौरान ठंडी हवाएं चलने से मौसम पूरी तरह बदल गया। बारिश के बाद बाजारों, मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों की आवाजाही बढ़ गई। कई लोग घरों से बाहर निकलकर सुहाने मौसम का आनंद लेते नजर आए।

इससे पहले शाम करीब साढ़े सात बजे पोकरण क्षेत्र में भी तेज आंधी के साथ बारिश हुई। वहीं रामगढ़, रामदेवरा, चांधन, फलसूंड और अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी आंधी और बारिश का असर देखने को मिला। रामगढ़ और रामदेवरा में अच्छी बारिश होने की सूचना है।

फलसूंड क्षेत्र में भी कई दिनों से जारी भीषण गर्मी और उमस के बीच सोमवार को मौसम ने अचानक रुख बदल लिया। दिनभर धूलभरी धुंध और बादलों की आवाजाही के बाद रात में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश के चलते क्षेत्र में कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से बारिश का इंतजार था और इस बदलाव ने गर्मी से काफी राहत पहुंचाई है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में आगामी चार से पांच दिनों तक आंधी, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 3 और 4 जून को एक और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान सहित कई क्षेत्रों में तेज हवाएं, धूलभरी आंधी और बारिश देखने को मिल सकती है।

Lakhveer Singh Shekhawat
लखवीर सिंह शेखावतauthor

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में Times Now नवभारत में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य किया है। उन्होंने जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री प्राप्त की और राजस्थान यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी में डिग्री हासिल की है। राजस्थान से संबंधित समाचारों और ख़बरों पर विशेष पकड़ रखते हैं। साथ ही देश की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं को कवर करने में भी विशेषज्ञता हासिल है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें