Rajasthan Ebola Suspect: राजस्थान की राजधानी जयपुर से स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट करने वाली एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां प्रदेश में इबोला वायरस (Ebola Virus) का पहला संदिग्ध मामला सामने आया है। युगांडा से शारजाह होते हुए राजस्थान घूमने आई एक विदेशी महिला में इबोला संक्रमण से मिलते-जुलते लक्षण मिले हैं। संदिग्ध मामला सामने आने के बाद से ही राज्य का स्वास्थ्य महकमा पूरी तरह सतर्क हो गया है।
एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग के दौरान पकड़ा गया मामला
मिली जानकारी के मुताबिक, महिला शुक्रवार सुबह एयर अरेबिया एयरलाइंस की फ्लाइट से शारजाह के रास्ते जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंची थी। केंद्र सरकार द्वारा अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए जारी की गई गाइडलाइंस के तहत जब एयरपोर्ट पर उसकी थर्मल और मेडिकल स्क्रीनिंग की गई, तो उसमें संदिग्ध लक्षण पाए गए। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बिना देरी किए उसे तुरंत अस्पताल भेजने की व्यवस्था की।
RUHS के विशेष आइसोलेशन वार्ड में भर्ती, इलाज शुरू
महिला को तुरंत जयपुर के आरयूएचएस (RUHS) अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे अन्य मरीजों से पूरी तरह अलग विशेष आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। अस्पताल प्रबंधन विशेष प्रोटोकॉल के तहत महिला की कड़ी निगरानी कर रहा है और उसका इलाज शुरू कर दिया गया है।
'केवल लक्षणों के आधार पर इबोला की पुष्टि नहीं': डॉक्टर
इस पूरे मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए RUHS हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. अनिल गुप्ता ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा, 'फिलहाल महिला में इबोला वायरस संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है। उसमें सिर्फ इबोला संक्रमण से मिलते-जुलते कुछ शुरुआती लक्षण पाए गए हैं। मेडिकल साइंस में केवल लक्षणों के आधार पर किसी भी मरीज को इबोला संक्रमित नहीं माना जा सकता। महिला के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। अंतिम जांच रिपोर्ट आने के बाद ही किसी स्पष्ट निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकेगा। हालांकि, सुरक्षा के लिहाज से विशेष प्रोटोकॉल के तहत निगरानी और उपचार शुरू कर दिया गया है।'
देश भर के एयरपोर्ट्स पर पहले से है अलर्ट
गौरतलब है कि कुछ अफ्रीकी देशों में इबोला के बढ़ते मामलों को देखते हुए हाल ही में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा इसे वैश्विक चिंता का विषय बताया गया था, जिसके बाद भारत के केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी एडवाइजरी जारी कर सभी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर युगांडा और कांगो जैसे देशों से आने वाले यात्रियों की सख्त स्क्रीनिंग के निर्देश दिए थे। जयपुर एयरपोर्ट पर मुस्तैदी के चलते ही इस संदिग्ध मामले को समय रहते ट्रेस कर लिया गया है। प्रशासन ने लोगों से पैनिक न होने की अपील की है।
