Bhiwadi Factory Fire: राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी स्थित यूआईटी औद्योगिक क्षेत्र में गुरुवार को एक लोहे की चद्दर बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि समय रहते कर्मचारियों को बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। मिली जानकारी के अनुसार आग अल्शोक एलएलपी नाम की कंपनी तक पहुंची, जहां लोहे की चद्दर बनाने का काम होता है।
बताया जा रहा है कि आग की शुरुआत पास की एक कंपनी की छत पर रखे ऑयल टैंकर से हुई थी। टैंकर में लगी आग तेजी से फैली और उसकी लपटें पास की फैक्ट्री तक पहुंच गईं। इसके बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। जिस समय घटना हुई उस समय फैक्ट्री के अंदर कई कर्मचारी मौजूद थे। आग लगते ही कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया। कुछ लोगों को फैक्ट्री के पिछले गेट से सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि कुछ कर्मचारियों ने दीवार फांदकर अपनी जान बचाई।
करीब आधा दर्जन झुलसे मजदूर
इस दौरान करीब आधा दर्जन मजदूर झुलस गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकलकर्मियों ने लगातार प्रयास कर आग को फैलने से रोकने की कोशिश की। पुलिस भी मौके पर मौजूद रही और राहत कार्यों की निगरानी करती रही।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
भिवाड़ी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमन मीणा ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल प्राथमिकता आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने और प्रभावित लोगों को सहायता पहुंचाने की है। इस घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र की अन्य फैक्ट्रियों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। आग बुझने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा। समय पर बचाव कार्य होने से बड़ा नुकसान और जनहानि टल गई, लेकिन घटना ने औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
