शहर

Rajasthan Accident News: चित्तौड़गढ़-उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण सड़क हादसा, ट्रैलर और कार की टक्कर में 4 की मौत

Rajasthan Accident News: राजस्थान के चित्तौड़गढ़-उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग अंधेरे में एक कार सड़क पर पड़े बैल के शव से टकरा गई। कार असंतुलित होकर डिवाइडर को पार करते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई, जहां उसकी ट्रैलर से भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में कार में सवार 4 लोगों की मौत हो गई है।

Image

चित्तौड़गढ़-उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण सड़क हादसा

Rajasthan Accident News: राजस्थान के चित्तौड़गढ़-उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया है। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौक पर पहुंची और मृतकों के शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने घटना की सूचना परिवार को दे दी है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। पुलिस हादसे की वजह जानने के लिए जांच में जुटी हुई है।

ट्रैलर और कार की टक्कर में 4 की मौत

न्यूज एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह हादसा रात करीब 1 बजे नरधारी क्षेत्र के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, कार चित्तौड़गढ़ से उदयपुर की ओर जा रही थी। इस दौरान हाईवे पर एक बैल की डेड बॉडी सड़क पर पड़ी थी। अंधेरा होने के कारण कार चालक को यह समय पर दिखाई नहीं दी और कार उससे टकरा गई।

टक्कर के बाद कार का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में जा पहुंची। उसी समय सामने से आ रहे एक ट्रेलर से कार की आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई।

क्रेन की मदद से कार को सीधा कर शव को बाहर निकाला

शवों की शिनाख्त रिंकेश नानवानी, सुहानी नानवानी और रजनी नानवानी निवासी सिंधी कॉलोनी, प्रताप नगर (चित्तौड़गढ़) के रूप में हुई है। वहीं चौथे की पहचान इंदौर निवासी हीरानंद नानवानी के रूप में हुई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को सीधा कराया और उसमें फंसे लोगों को निकाला। बाहर निकालने पर पता चला कि कार में सवार चारों लोगों की मौत हो चुकी है। हादसे का मंजर इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी पहली नजर में सन्न रह गए।

पुलिस ने की वाहन चालकों से अपील

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय लोग भी सड़क पर लावारिस पशुओं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि रात के समय वाहन चलाते हुए विशेष सावधानी बरतें और गति नियंत्रित रखें।

(इनपुट - आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article