रायपुर

छत्तीसगढ़ को पीएम मोदी की बड़ी सौगात; आदिवासी इलाकों तक पहुंचेगी रेल, गैस और सड़कें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही छत्तीसगढ़ को बड़ा तोहफा देने वाले हैं। जिसके तहत सूबे के आदिवासी इलाकों तक रेल पहुंचेगी, वहां के लोगों को गैस मिलेगा और इन इलाकों में सड़कें बनेंगी। जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ के विकास के लिए 33 हजार 700 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की भेंट मिलेगी।

Image

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।

छत्तीसगढ़ के विकास को नई रफ्तार देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 मार्च को बिलासपुर में ऐतिहासिक घोषणाएं करने वाले हैं। वे 33,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और कई को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इन परियोजनाओं से राज्य में बिजली, रेलवे, सड़क, गैस, शिक्षा और आवास से जुड़ी सुविधाएं मजबूत होंगी।

दो बड़ी पावर परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे प्रधानमंत्री

छत्तीसगढ़ को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रधानमंत्री दो बड़ी पावर परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इनमें सीपत सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट (800 मेगावाट) और छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी की पहली सुपरक्रिटिकल थर्मल पावर परियोजना (2X660 मेगावाट) शामिल हैं। इससे राज्य में बिजली आपूर्ति मजबूत होगी और उद्योगों व आम लोगों को फायदा मिलेगा। इसके अलावा, 560 करोड़ रुपये की लागत से बनी तीन ट्रांसमिशन परियोजनाएं भी शुरू होंगी, जिससे बिजली की उपलब्धता और बढ़ेगी।

सिटी गैस वितरण परियोजना की आधारशिला रखेंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर और सरगुजा जिलों में सिटी गैस वितरण परियोजना की आधारशिला रखेंगे। 1,000 किलोमीटर से अधिक गैस पाइपलाइन बिछाने और नए सीएनजी स्टेशन बनाने की योजना से आम लोगों को सस्ती और साफ ऊर्जा मिलेगी। इसके अलावा, विशाखापट्टनम से रायपुर तक 540 किलोमीटर लंबी बहुउद्देश्यीय पेट्रोलियम पाइपलाइन का निर्माण भी शुरू होगा, जिससे ईंधन की आपूर्ति सुगम होगी।

छत्तीसगढ़ में रेल यात्रा को आसान और तेज़ बनाने के लिए प्रधानमंत्री सात नई रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। साथ ही, 111 किलोमीटर लंबी तीन नई रेल परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। खास बात यह है कि छत्तीसगढ़ के रेल नेटवर्क के 100 प्रतिशत विद्युतीकरण की घोषणा भी होगी, जिससे ट्रेनों की स्पीड बढ़ेगी और डीजल पर निर्भरता कम होगी।

160 किलोमीटर से अधिक लंबाई की सड़क परियोजनाओं की करेंगे शुरुआत

छत्तीसगढ़ में कनेक्टिविटी को और मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री 160 किलोमीटर से अधिक लंबाई की सड़क परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। इनमें झलमला-शेरपार, अंबिकापुर-पत्थलगांव और कोंडागांव-नारायणपुर सड़कें शामिल हैं। इन नई सड़कों से न केवल व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि आदिवासी इलाकों तक पहुंच भी आसान होगी।

130 पीएम श्री स्कूल राष्ट्र को समर्पित करेंगे प्रधानमंत्री मोदी

छत्तीसगढ़ में शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा निवेश करते हुए प्रधानमंत्री 130 पीएम श्री स्कूल राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इन स्कूलों में स्मार्ट बोर्ड, आधुनिक प्रयोगशालाएं और अच्छी लाइब्रेरी होंगी। इसके अलावा, रायपुर में ‘विद्या समीक्षा केंद्र’ की भी शुरुआत होगी, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता पर नजर रखी जाएगी।

प्रधानमंत्री आवास योजना - ग्रामीण (PMAY-G) के तहत छत्तीसगढ़ के 3 लाख परिवारों को नए घर दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री खुद लाभार्थियों को उनके घर की चाबियां सौंपेंगे। इससे हजारों गरीब परिवारों का वर्षों पुराना सपना पूरा होगा।

Read the Raipur Latest News in Hindi, Raipur Local News in Hindi, Raipur Breaking News and Updates, Raipur News Headlines, Raipur Hindi News Paper & रायपुर (न्यूज़) समाचार @ Times Now Navbharat

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article