रायपुर

Pahalgam Terror Attack: पहलगाम से लाई गई बिजनेसमैन की डेडबॉडी, शादी की सालगिरह मनाने गए थे पहलगाम

पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए व्यवसायी दिनेश मिरानिया (Businessman Dinesh Mirania) का शव रायपुर लाया गया है। विमान रात नौ बजे के बाद यहां स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे पर उतरा। शव को एंबुलेंस की मदद से उनके आवास पर ले जाया गया।

Image

दिवंगत व्यवसायी दिनेश मिरानिया (फाइल फोटो)

Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमले में मारे गए पर्यटकों में शामिल व्यवसायी दिनेश मिरानिया का शव बुधवार रात रायपुर लाया गया। दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ के नाम से मशहूर प्रमुख पर्यटक स्थल बैसरन में मंगलवार को आतंकवादियों ने हमला किया था, जिसमें कम से कम 26 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। मृतकों में ज्यादातर पर्यटक थे जिनमें दिनेश मिरानिया भी शामिल थे। अधिकारियों ने बताया कि शहर की समता कॉलोनी इलाके के निवासी दिनेश का पार्थिव शरीर दिल्ली से नियमित उड़ान से रायपुर लाया गया। विमान रात नौ बजे के बाद यहां स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे पर उतरा। शव को एंबुलेंस की मदद से उनके आवास पर ले जाया गया।

पार्थिव शरीर पहुंचा रायपुर

उन्होंने बताया कि राज्य के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा और भाजपा के अन्य नेताओं ने हवाई अड्डे पर मिरानिया को पुष्पांजलि अर्पित की। दिनेश की पत्नी और उनके रिश्तेदार पार्थिव शरीर को ले जा रही एंबुलेंस के पीछे एक वाहन में थे। उनकी पत्नी और बच्चों के आंसू थम नहीं रहे थे तथा रिश्तेदार उन्हें संभालने की कोशिश कर रहे थे। मिरानिया का शव उनके आवास पर पहुंचते ही समता कॉलोनी इलाके का माहौल गमगीन हो गया। मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने ‘‘दिनेश भाई अमर रहे’’ और ‘‘पाकिस्तान मुर्दाबाद’’ के नारे लगाए तथा इसका बदला लेने की मांग की।

जब पार्थिव शरीर को एंबुलेंस से उतार कर घर के भीतर ले जाया जा रहा था तब उपमुख्यमंत्री साव, मंत्री चौधरी, जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने उन्हें कंधा दिया। दिनेश मिरानिया का अंतिम संस्कार बृहस्पतिवार को रायपुर में होगा। मिरानिया मंगलवार को जब पहलगाम में अपने परिवार के साथ अपनी शादी की सालगिरह मना रहे थे तभी आतंकवादियों ने हमला कर उनकी हत्या कर दी। इससे पहले आज शाम भारतीय जनता पार्टी, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई तथा ‘चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज’ के कार्यकर्ताओं ने राज्य की राजधानी में अलग-अलग जगहों पर प्रदर्शन किया और आतंकी हमले की कड़ी निंदा की।

Read the Raipur Latest News in Hindi, Raipur Local News in Hindi, Raipur Breaking News and Updates, Raipur News Headlines, Raipur Hindi News Paper & रायपुर (न्यूज़) समाचार @ Times Now Navbharat

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article