Dantewada: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में संदिग्ध नक्सलियों ने कांग्रेस के स्थानीय नेता एवं पूर्व जनपद पंचायत सदस्य की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने 10 साल पहले कांग्रेस नेता के बेटे को भी जिंदा जलाकर मार डाला था।
कांग्रेस नेता की धारदार हथियार से हत्या
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पोटाली गांव में संदिग्ध नक्सलियों ने जोगा पोड़ियाम की हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि प्राप्त जानकारी के अनुसार पोड़ियाम अपने घर पर थे तब शुक्रवार देर रात कुछ हथियारबंद लोग वहां पहुंचे और उन्होंने धारदार हथियार से पोड़ियाम की हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर वहां से भाग गए।
10 साल पहले बेटे की हुई थी हत्या
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी मिलने पर घटनास्थल के लिए पुलिस दल रवाना किया गया। क्षेत्र में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है। ग्रामीणों के अनुसार नक्सलियों ने 2018 में पोडियाम को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी और उनसे क्षेत्र में विकास कार्यों का समर्थन नहीं करने को कहा था। बता दें कि 10 वर्ष पहले नक्सलियों ने पोडियाम के बेटे को जिंदा जला दिया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Read the Raipur Latest News in Hindi, Raipur Local News in Hindi, Raipur Breaking News and Updates, Raipur News Headlines, Raipur Hindi News Paper & रायपुर (न्यूज़) समाचार @ Times Now Navbharat
