Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में मंगलवार को मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने एक सुरक्षा गार्ड के पैर में गोली मारकर वैन से 78.41 लाख रुपये लूट लिये। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह वैन नकदी को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाने के लिए उपयोग की जाती है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना शाम करीब पांच बजे सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खोखरा गांव में एक शराब की दुकान पर हुई।
गार्ड को गोली मारकर रुपये लूटे
पुलिस ने बताया कि वैन शराब की दुकानों से धन एकत्र करने में लगी थी। उन्होंने बताया कि जब वाहन खोखरा स्थित शराब की दुकान पर पहुंचा तो उसमें तीन लोग सवार थे, जिनमें धन संग्रह के लिए अनुबंधित एक निजी फर्म का कर्मचारी, एक सुरक्षा गार्ड और चालक शामिल थे। अधिकारी ने बताया कि जब कर्मचारी और चालक दुकान के अंदर गए तो सुरक्षा गार्ड वैन के पास खड़ा था। अचानक मोटरसाइकिल सवार दो लुटेरे मौके पर पहुंचे और गार्ड के पैर पर गोली चला दी, जिससे वह घायल हो गया।
पुलिस ने शुरू की तलाश
अधिकारी ने बताया कि लुटेरों ने वाहन से नकदी से भरा एक बक्सा निकाला और वहां खड़े लोगों पर बंदूक तानकर भाग गए। उन्होंने बताया कि बाद में लुटेरों ने बक्सा खाली कर उसमें से 78.41 लाख रुपये निकाल कर उसे पास के इलाके में फेंक दिया। उन्होंने बताया कि घायल गार्ड को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने लुटेरों का पता लगाने के लिए विभिन्न स्थानों पर जांच चौकियां स्थापित की हैं।
इनपुट- भाषा
Read the Raipur Latest News in Hindi, Raipur Local News in Hindi, Raipur Breaking News and Updates, Raipur News Headlines, Raipur Hindi News Paper & रायपुर (न्यूज़) समाचार @ Times Now Navbharat
