Chhattisgarh Pavilion IITF 2025: अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF) 2025 में इस वर्ष छत्तीसगढ़ अपनी सांस्कृतिक धरोहर, पारंपरिक हस्तशिल्प और प्रगतिशील विकास मॉडल के दमदार प्रदर्शन के साथ खास पहचान बना रहा है। मेले में 24 नवंबर को छत्तीसगढ़ राज्य दिवस का आयोजन निर्धारित है, जहाँ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शाम 5 बजे मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और समारोह का औपचारिक उद्घाटन करेंगे।
प्रगति मैदान के हॉल नंबर 2 की पहली मंज़िल पर सुसज्जित छत्तीसगढ़ पवेलियन आगंतुकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। पवेलियन में जनजातीय कला, वन–उत्पाद, पारंपरिक शिल्प और पर्यटन की बढ़ती संभावनाओं को आधुनिक डिजिटल तकनीक, लाइव क्राफ्ट डेमोंस्ट्रेशन और थीम आधारित प्रदर्शनी के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है। बस्तर की सांस्कृतिक धरोहर को समर्पित विशेष सेक्शन भी लोगों का ध्यान खींच रहा है।
राज्य दिवस का मुख्य सांस्कृतिक महोत्सव भारत मंडपम के एम्फीथियेटर में आयोजित होगा, जहाँ गौर नृत्य, राऊत नाचा, सुवा नृत्य, भोजली, कर्मा और गौरा-गौरी जैसी पारंपरिक लोक प्रस्तुतियाँ मंचित की जाएँगी। ये प्रस्तुतियाँ छत्तीसगढ़ की जनजातीय परंपराओं, सामुदायिक जीवन और लोक-संस्कृति के जीवंत रंगों का अद्वितीय अनुभव कराएँगी।
आयोजन समिति का कहना है कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुँचने की संभावना है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह आयोजन राष्ट्रीय पटल पर छत्तीसगढ़ की पहचान, संभावनाओं और सांस्कृतिक वैभव को और मजबूत तरीके से स्थापित करने का प्रभावशाली अवसर साबित होगा।
Read the Raipur Latest News in Hindi, Raipur Local News in Hindi, Raipur Breaking News and Updates, Raipur News Headlines, Raipur Hindi News Paper & रायपुर (न्यूज़) समाचार @ Times Now Navbharat
