छत्तीसगढ़ में 15 लाख से अधिक लोगों को जल्द मिलेगा PM आवास, CM साय ने केंद्रीय मंत्री के सामने रखे कई मुद्दे

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान उन्होंने कई सारे विकास के मुद्दे उठाए। इनमें पीएम आवास से संबंधित मुद्दा भी शामिल था, जिस पर केंद्रीय मंत्री ने आश्वासन दिया कि प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित 15.18 पात्र परिवारों को जल्द ही आवास का लाभ मिलेगा।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज नई दिल्ली के कृषि भवन में कृषि व ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की। इस दौरान छत्तीसगढ़ के कृषि और ग्रामीण विकास के विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसी योजनाओं के कार्यान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित 15.18 पात्र परिवारों के आवास का मुद्दा भी रखा, जिस पर केंद्रीय मंत्री ने जल्द स्वीकृति देने का आश्वासन दिया है। केंद्रीय मंत्री से मुलाकात के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी साथ थे।

sai met Chouhan

सीएम साय ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की।

15 लाख से अधिक लोग वंचित

बैठक में मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय मंत्री को सूचित किया कि छत्तीसगढ़ प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लंबित 15.18 लाख परिवारों को अभी तक आवास की स्वीकृति नहीं मिली है। इसमें 6.99 लाख परिवार योजना के स्थायी प्रतीक्षा सूची में हैं और 8.19 लाख परिवार आवास प्लस में शामिल हैं। पूर्व में योजना के लिए राज्य का हिस्सा नहीं मिलने के कारण यह समस्या बनी रही। मुख्यमंत्री ने जल्द आवास स्वीकृत करने का अनुरोध किया, जिस पर केंद्रीय मंत्री ने इस पर तत्काल कार्रवाई किए जाने की बात कही है।

End of Feed