Chhattisgarh Bird Survey: 25 फरवरी से शुरू होगा पक्षियों का सर्वेक्षण, 70 से अधिक स्पेशलिस्ट और रिसर्चर होंगे शामिल

  • Agency by: Agency
  • Updated Feb 20, 2024, 12:47 PM IST

छत्तीसगढ़ के कागेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में 25 फरवरी से पक्षियों का सर्वेक्षण शुरू हो रहा है। जिसमें विभिन्न राज्यों के 70 से अधिक बर्ड स्पेशलिस्ट और रिसर्चर आएंगे। पिछले साल सर्वेक्षण में पक्षियों की 201 प्रजातियों की पहचान की गई थी।

Chhattisgarh Bird Survey: छत्तीसगढ़ के कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में नौ राज्यों के 70 से अधिक पक्षी विशेषज्ञ और शोधकर्ता मिलकर 25 से 27 फरवरी तक पक्षियों का सर्वेक्षण करेंगे। कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान के निदेशक धम्मशील गणवीर ने बताया कि पिछले साल किए गए पक्षी सर्वेक्षण के नतीजों से उत्साहित होकर वन प्राधिकरण ने इस संरक्षित जंगल में फिर से सर्वेक्षण कराने का फैसला किया है। गणवीर ने बताया कि राज्य की राजधानी रायपुर से लगभग तीन सौ किलोमीटर दूर नक्सल प्रभावित बस्तर जिले में स्थित इस राष्ट्रीय उद्यान में होने वाले सर्वेक्षण में नौ राज्यों के 70 से अधिक विशेषज्ञ शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि 200 वर्ग किलोमीटर में फैला यह पार्क अपनी प्राकृतिक सुंदरता, जैव विविधता और गुफाओं के लिए प्रसिद्ध है और इसमें भारत के पश्चिमी घाट तथा पूर्वी हिमालय में पाए जाने वाले पक्षी भी रहते हैं।

Kanger Valley National Park

कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान

पक्षियों की 201 प्रजातियों की पहचान

निदेशक ने कहा, ‘‘ राष्ट्रीय उद्यान की विविध वनस्पतियां और जीव-जंतु भी अपने अस्तित्व के लिए एक आरामदायक और सामंजस्यपूर्ण पर्यावरण बनाए रखते हैं।’’ उन्होंने बताया कि पिछले साल इसी तरह का एक सर्वेक्षण किया गया था जिसमें पक्षियों की 201 प्रजातियां की पहचान की गई थी। इनमें पहाड़ी मैना, ब्लैक हुडेड ओरियोल, भृंगराज, जंगली मुर्गी, कठफोड़वा, रैकेट टेल, सरपेंटाईगर, आदि शामिल हैं। गणवीर ने कहा, ‘‘ इस अध्ययन से यह स्पष्ट हो रहा है कि राष्ट्रीय उद्यान पक्षियों के लिए एक महत्वपूर्ण स्थान है और देश के पक्षी प्रेमियों के लिए एक प्रमुख स्थल के रूप में उभर कर आ रहा है।’’ उन्होंने कहा कि नवीनतम सर्वेक्षण से पार्क में पक्षियों की और अधिक प्रजातियों की पहचान करने और उनकी आदतों तथा आबादी का पता लगाने में मदद मिलेगी, जिससे उनका संरक्षण करना भी आसान होगा।

End of Feed