बीते कई दिनों से लगातार पत्नी द्वारा प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या के मामले सामने आ रहे हैं। मेरठ हत्याकांड के बाद से सौरभ-मुस्कान जैसे मामले देश के हर कोने से सामने आ रहे हैं। ऐसा ही दिल दहला देने वाला एक मामला छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से सामने आया है। जिले के बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम घोघरा में एक युवती ने अपने प्रेमी के साथ अपने ही मंगेतर की हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि युवती और उसके प्रेमी ने हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद युवक के शव को जमीन में दफना दिया और पकड़े जाने के डर से दोनों ने आत्महत्या का प्रयास किया। आत्महत्या की कोशिश के बाद इस मामले का खुलासा हुआ।
प्रेमी के साथ रहने के लिए युवती ने ली मंगेतर की जान
मामले की जांच कर रही पुलिस की टीम ने बताया की आरोपी युवती पुष्पा केरकेट्टा आरोपी गगन टोप्पो से प्रेम करती थी। उसकी शादी सीतापुर थाना क्षेत्र के अमृत लकड़ा से 6 मई को होने वाली थी। लेकिन शादी से पहले ही युवती ने प्रेमी संग मिलकर मंगेतर की हत्या कर दी। अपराध को छुपाने के लिए शव को दफना दिया गया है। बताया जा रहा है कि मृतक अमृत लकड़ा 26 अप्रैल से लापता था, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट 28 अप्रैल को सीतापुर थाने में दर्ज कराई गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही थी। पुलिस से बचने के लिए इस वारदात को अंजाम देने के बाद युवती और उसके प्रेमी ने आत्महत्या की योजना बनाई।
बताया जा रहा है कि दोनों ने बतौली की एक दुकान से रस्सी खरीदी और आत्महत्या की कोशिश की। इस दौरान गांव के रहने वाले सचिन नाम के युवक ने दोनों को देखा और पुलिस को मामले की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनसे कड़ी पूछताछ की, जिसमें हत्या का बात का खुलासा हुआ। दोनों अपने अपराध को कबूला और हत्या के बाद शव को दफनाए जाने की जानकारी दी।
जंगल से मृतक का शव बरामद
पुलिस ने दोनों आरोपियों के बयान के आधार पर जांच की तो ग्राम बंदोंकोना के जंगल से अमृत का शव बरामद किया गया। दोनों आरोपियों से अभी भी मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है। इस मामले को लेकर परिजनों ने अन्य लोगों के शामिल होने का आरोप लगाया है। बेटे को दूल्हे के सहरे में सजा देखने की इच्छा से शादी की तैयारी कर रहे परिवार में बेटे की मौत के बाद मातम छा गया है।
Read the Raipur Latest News in Hindi, Raipur Local News in Hindi, Raipur Breaking News and Updates, Raipur News Headlines, Raipur Hindi News Paper & रायपुर (न्यूज़) समाचार @ Times Now Navbharat
