रायपुर

छत्तीसगढ़ में बड़ा एक्सीडेंट, ट्रक-कार में भिड़ंत से 5 लोगों की मौत; 5 घायल

छत्तीसगढ़ के सरगुजा में ट्रक और कार में जबदस्त भिडंत से 5 लोगों की मौत हो गई और 5 लोग बुरी तरह घायल हैं। घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने ट्रक में आग लगा दी।

Image

फाइल फोटो

सरगुजा: जिले में सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई तथा पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत विशुनपुर गांव के करीब एक तेज रफ्तार एसयूवी (बोलेरो) और ट्रक के बीच हुई टक्कर में बोलेरो वाहन में सवार पांच लोगों राजकुमार अगरिया (55), राजकुमार की पुत्री अंजली अगरिया (25), सूरज अगरिया (14), एक वर्षीय बालक माही और आयुष (10) की मौत हो गई है तथा पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

महाशिवरात्रि में दर्शन कर वापस आ रहे थे सभी

उन्होंने बताया कि रेवापुर-सखौली गांव निवासी ग्रामीण बोलेरो वाहन में सवार होकर महाशिवरात्रि में दर्शन के लिए करीब के किलकिला शिव मंदिर गए थे। जब वह वापस अपने गांव लौट रहे थे तब विशुनपुर गांव के करीब उनका वाहन ट्रक से टकरा गया। इस घटना में राजकुमार, अंजली, सूरज और माही की मौके पर ही मौत हो गई तथा छह अन्य घायल हो गए। जब पुलिस को घटना की जानकारी मिली तब घटनास्थल के लिए पुलिस दल रवाना किया गया। बाद में पुलिस दल ने शवों और घायलों को अस्पताल भेजा जहां इलाज के दौरान आयुष की मृत्यु हो गई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा जांच की जा रही है। ट्रक चालक का पता लगाने के प्रयास जारी हैं, जो अपना वाहन मौके पर छोड़कर भाग गया। घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने ट्रक में आग लगा दी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताया शोक

एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और जिला प्रशासन को घायलों को बेहतर चिकित्सा सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया। शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

Read the Raipur Latest News in Hindi, Raipur Local News in Hindi, Raipur Breaking News and Updates, Raipur News Headlines, Raipur Hindi News Paper & रायपुर (न्यूज़) समाचार @ Times Now Navbharat

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article