बीजापुर: जिले में पांच इनामी नक्सलियों समेत 10 नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में से नियमगिरी एरिया कमेटी के सदस्य अर्जुन मड़कम (20) पर दो लाख रुपए का इनाम है। वहीं, पालागुड़ा जनताना सरकार के उपाध्यक्ष हड़मा ताती ऊर्फ मोरली (38), नक्सली हुंगा माड़वी (42), भीमा माड़वी (34) और नंदा मड़कम (45) पर एक-एक लाख रूपए का इनाम है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों ने जिले में चल रही ‘नियद नेल्ला नार’ (आपका अच्छा गांव) योजना से प्रभावित होकर तथा नक्सली संगठन के विचारों से मोहभंग होने के कारण आत्मसमर्पण किया है।
शासन की आत्मसमर्पण योजना से नक्सलियों ने लिया फैसला
उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के खिलाफ पुलिस दल पर हमला समेत कई अन्य नक्सली घटनाओं में शामिल होने का आरोप है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने पर नक्सलियों को उत्साहवर्धन के लिए शासन की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत 25-25 हजार रुपए नगद प्रदान किया गया है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ों में 58 नक्सलियों को मार गिराया था। वहीं 189 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया था तथा 503 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि जिले में इस वर्ष अब तक 17 नक्सली मारे गए हैं तथा 23 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। वहीं 46 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है।
Read the Raipur Latest News in Hindi, Raipur Local News in Hindi, Raipur Breaking News and Updates, Raipur News Headlines, Raipur Hindi News Paper & रायपुर (न्यूज़) समाचार @ Times Now Navbharat
