Raipur News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक बार फिर चाइनीज मांझे का जानलेवा खतरा सामने आया है। जहां एक युवक चाइनीज मांझे की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। मांझे से उसके होंठ और गाल बुरी तरह कट गए। जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों को उसकी सर्जरी करनी पड़ी। इस दौरान उसके चेहरे पर कुल 34 टांके लगाए गए।
पंडरी एक्सप्रेसवे पर हुआ हादसा
यह घटना रायपुर में पंडरी एक्सप्रेसवे की है। गुरुवार देर शाम को युवक इस रास्ते से गुजर रहा था। तभी वह चाइनजी मांझे की चपेट में आ गया और बुरी तरह से जख्मी हो गया। इस घटना के बाद लोगों में चाइनीज मांझे को लेकर दहशत का माहौल है। रायपुर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने इस मामले पर निगम प्रशासन और राज्य सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि निगम और जिला प्रशासन की नाक के नीचे खुलेआम चाइनीज मांझे की ब्रिकी हो रही है। जिसके कारण लोग लगातार ऐसी दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। आकाश तिवारी ने इस मामले में प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
चाइनीज मांझे से जानवर और पक्षियों को भी खतरा
ऐसा पहली बार नहीं हुआ है जब चाइनीज मांझे को लेकर इस तरह गंभीर घटनाएं सामने आई हैं। खासतौर पर दोपहिया वाहन चालकों के लिए ये जानलेवा साबित होते रहे हैं। चाइनीज मांझा सिर्फ इंसानों ही नहीं बल्कि पक्षियों और जानवरों के लिए भी खतरनाक साबित हुए हैं। लेकिन इसके बावजूद चाइनीज मांझे की बिक्री पर पूरी तरह रोक नहीं लग पाई है।
