Raipur Accident: छत्तीसगढ़ के रायपुर में केंद्रीय राज्य मंत्री और बिलासपुर सांसद तोखन साहू एक बड़े सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। यह घटना उस समय हुई जब वे अपने संसदीय क्षेत्र बिलासपुर से रायपुर एयरपोर्ट की ओर जा रहे थे। चंदेली के पास अचानक एक लोहे की रॉड उनकी चलती गाड़ी के सनरूफ से टकराई और उसके बाद सामने के कांच (विंडशील्ड) को क्षतिग्रस्त कर दिया।
बाल-बाल बचे केंद्रीय राज्य मंत्री
हादसे के वक्त कार में मंत्री जी के साथ उनका निजी स्टाफ और सुरक्षा अधिकारी भी मौजूद थे। राहत की बात यह रही कि इतनी भयानक टक्कर के बावजूद किसी को गंभीर चोट नहीं आई और कोई जनहानि नहीं हुई। इस अप्रत्याशित घटना में केवल वाहन का शीशा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। हादसे के बाद सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति का जायजा लिया और मंत्री जी सुरक्षित एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि लोहे की रॉड सड़क पर कहां से आई।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस की टीम पहुंची और लोहे की रॉड को जब्त किया गया। अचानक हुई इस घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि वह लोहे की रॉड कहां से आई? क्या वह किसी ट्रक से गिरी थी? या सड़क किनारे चल रहे किसी निर्माण कार्य का हिस्सा थी? फिलहाल, मंत्री जी पूरी तरह स्वस्थ हैं और दिल्ली पहुंच चुके हैं। यह घटना लोगों में चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस जानने का प्रयास कर रही है कि कहीं यह किसी को सोची समझी चाल तो नहीं है। घटना के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि ईश्वर की कृपा से कार में सवार सभी लोग पूरी तरह से सुरक्षित है। किसी को कोई गंभीर चोट नहीं लगी है।
