शहर

मेट्रो में सफर, सड़कों पर ऑटो की सवारी; कोलकाता में रेल मंत्री का दिखा अलग अंदाज, 1 लाख करोड़ रुपये की अटकी परियोजनाओं पर सीएम संग करेंगे बैठक

Ashwini Vaishnaw Kolkata Visit: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कोलकाता दौरे के दौरान मेट्रो में सफर किया, यात्रियों से बात की और सड़क पर ऑटो की सवारी भी की। इस दौरान उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल में 1 लाख करोड़ के रेलवे प्रोजेक्ट्स राज्य सरकार के असहयोग और कानूनी अड़चनों के कारण लंबे समय से अटके हुए थे।

Ashwini Vaishnaw Kolkata Visit: कोलकाता मेट्रो (Kolkata Metro) के सफर और ऑटो की सवारी के बीच रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव (Railway Minister Ashwini Vaishnaw) ने पश्चिम बंगाल के विकास को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि केंद्र सरकार राज्य में रेलवे के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए पूरी तरह गंभीर है, लेकिन राज्य सरकार के असहयोग के कारण कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं अटकी हुई हैं।

बंगाल में 1 लाख करोड़ से ज्यादा के प्रोजेक्ट्स पर चल रहा काम

रेल मंत्री ने जानकारी दी कि इस समय पश्चिम बंगाल में करीब 1 लाख 2 हजार करोड़ रुपये से अधिक के रेलवे प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है। हालांकि, इनमें से कई परियोजनाएं लंबे समय से अधर में लटकी थीं। रेल मंत्री के अनुसार, तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार का रवैया रेलवे के विकास कार्यों को लेकर सकारात्मक नहीं रहा है, जिसकी वजह से काम की रफ्तार धीमी पड़ी।

चिंगरीघाटा मेट्रो प्रोजेक्ट का था विवाद

अपनी बात को स्पष्ट करने के लिए उन्होंने कोलकाता मेट्रो के 'चिंगरीघाटा प्रोजेक्ट' का उदाहरण दिया। रेल मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार इस प्रोजेक्ट को रोकने के लिए सुप्रीम कोर्ट तक चली गई थी। इससे पहले हाईकोर्ट ने आदेश दिया था कि चिंगरीघाटा में मेट्रो का काम आगे बढ़ाया जाए, लेकिन राज्य सरकार इसके खिलाफ शीर्ष अदालत पहुंच गई। आखिरकार सुप्रीम कोर्ट ने भी यही फैसला सुनाया कि विकास कार्य रुकना नहीं चाहिए और इसे आगे बढ़ाया जाना चाहिए। रेल मंत्री ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार का रवैया विकास कार्यों को रोकने जैसा रहा है।

रेल मंत्री ने सीएम सुवेंदु अधिकरी के साथ साझा समीक्षा की पहल की

इन तमाम अड़चनों को दूर करने के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से मुलाकात करने की बात कही। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि वे दोनों मिलकर राज्य के सभी पेंडिंग रेलवे प्रोजेक्ट्स की एक संयुक्त समीक्षा करें। अपने इस कोलकाता दौरे के दौरान रेल मंत्री बेहद सादे अंदाज में नजर आए। उन्होंने न सिर्फ कोलकाता मेट्रो में यात्रा की, बल्कि स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों से सीधे बातचीत कर उनका फीडबैक भी लिया। इसके अलावा, उन्होंने शहर में एक आम ऑटो की सवारी भी की, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article