चुनाव से पहले पंजाब सरकार की बड़ी कार्रवाई, 31 पुलिस अफसरों के तबादले, 12 जिलों के SSP बदले, देखें पूरी ट्रांसफर लिस्ट

पंजाब सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए 31 IPS और PPS अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। लुधियाना, जालंधर और अमृतसर के पुलिस कमिश्नर बदले गए हैं, जबकि 12 जिलों में नए SSP तैनात किए गए हैं।

पंजाब सरकार ने राज्य की पुलिस व्यवस्था में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। गृह विभाग (गृह-I शाखा) द्वारा जारी आधिकारिक आदेशों के अनुसार 25 IPS और 6 PPS अधिकारियों समेत कुल 31 पुलिस अफसरों के तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण और नई तैनातियां की गई हैं। इस फेरबदल के तहत राज्य के तीन प्रमुख महानगरों, लुधियाना, जालंधर और अमृतसर के पुलिस कमिश्नर बदल दिए गए हैं, जबकि 12 जिलों में नए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) तैनात किए गए हैं।

Punjab police transfer

पंजाब पुलिस में 31 अफसरों के तबादले

तीन प्रमुख शहरों को मिले नए पुलिस कमिश्नर

जालंधर: अमृतसर (बॉर्डर रेंज) के आईजीपी गुरप्रीत सिंह भुल्लर (IPS: 2004) का तबादला कर उन्हें जालंधर का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है।

लुधियाना: जालंधर के निवर्तमान पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह (IPS: 2010) को लुधियाना का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है।

अमृतसर: तकनीकी सेवाओं के डीआईजी कुलदीप सिंह (IPS: 2009) को अमृतसर का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। वहीं निवर्तमान अमृतसर कमिश्नर हरमनबीर सिंह (IPS: 2010) को डीआईजी (बॉर्डर रेंज, अमृतसर) की कमान सौंपी गई है।

ED की जांच के बीच लुधियाना CP स्वपन शर्मा का तबादला

इस तबादला सूची में सबसे बड़ा नाम लुधियाना के निवर्तमान पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा (IPS: 2009) का है। उन्हें लुधियाना पुलिस कमिश्नर पद से हटाकर डीआईजी (रोपड़ रेंज) तैनात किया गया है। स्वपन शर्मा हाल ही में प्रवर्तन निदेशालय (ED) के रडार पर आए हैं। ED ने उन्हें दो अलग-अलग मामलों में पूछताछ के लिए समन जारी किए हैं। पहला समन मुख्यमंत्री भगवंत मान से जुड़े एक कथित वीडियो और उसकी फॉरेंसिक रिपोर्ट से जुड़े 10 लाख रुपये के वित्तीय लेन-देन की जांच को लेकर। और दूसरा समन 23 नवंबर को निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर से जुड़े कथित रिश्वतखोरी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में। ED ने उन्हें 27 नवंबर को चंडीगढ़ स्थित आंचलिक कार्यालय में पेश होने का निर्देश दिया है।

12 जिलों को मिले नए SSP

पंजाब सरकार ने जिला स्तर पर कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से 12 जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (SSP) में फेरबदल किया है:

  • सुरेंद्र लांबा (IPS): SSP संगरूर
  • चरणजीत सिंह (IPS): SSP लुधियाना रूरल
  • रजवोत ग्रेवाल (IPS): SSP विजिलेंस ब्यूरो, पंजाब (एसएएस नगर)
  • अंकुर गुप्ता (IPS): SSP फरीदकोट
  • अश्विनी गोत्याल (IPS): SSP फिरोजपुर
  • वत्सला गुप्ता (IPS): SSP शहीद भगत सिंह नगर (SBS नगर)
  • डॉ. प्रज्ञा जैन (IPS): SSP अमृतसर रूरल
  • तुषार गुप्ता (IPS): SSP गुरदासपुर
  • अजय गांधी (IPS): SSP तरनतारन
  • मनिंदर सिंह (IPS): SSP रूपनगर (रोपड़)
  • भूपिंदर सिंह (PPS): SSP मलेरकोटला
  • हरकमलप्रीत सिंह खख (PPS): SSP जालंधर रूरल
इसके अलावा, तीन पीपीएस (PPS) अधिकारियों, कंवरप्रीत सिंह, गुरबंस सिंह बैंस और करमवीर सिंह की सेवाएं विजिलेंस ब्यूरो, पंजाब को सौंप दी गई हैं। गृह विभाग ने सभी अधिकारियों को अपने नए तैनाती स्थल पर तत्काल कार्यभार संभालने का निर्देश दिया है।

End Article
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहर...

End of Feed