गैंगस्टरों के खिलाफ CM मान की बड़ी स्ट्राइक, पुलिस ने 72 घंटो में की 3 हजार गिरफ्तारियां; भारी मात्रा में ड्रग्स-हथियार बरामद
- Edited by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
- Updated Feb 13, 2026, 02:58 PM IST
पंजाब पुलिस ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देश पर शुरू किए गए ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के तहत 72 घंटे का ‘ऑपरेशन प्रहार-2’ चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। इस दौरान 8,278 ठिकानों पर छापेमारी की गई और 3,260 को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में 135 फरार अपराधी भी शामिल हैं। साथ ही पुलिस ने 47 हथियार और भारी मात्रा में ड्रग्स भी बरामद किए।
पंजाब को गैंगस्टर मुक्त बनाने की मुहिम तेज
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देश के मुताबिक पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के लिए शुरू की गई ‘गैंगस्टरां ते वार’ मुहिम के हिस्से के रूप में शुरू किए गए ‘ऑपरेशन प्रहार-2’ के दौरान बड़ी सफलता मिली है। इस ऑपरेशन के दौरान पंजाब पुलिस ने पिछले 72 घंटों में वॉन्टेड अपराधियों से संबंधित 8,278 ठिकानों पर छापेमारी की।
72 घंटे का ऑपरेशन प्रहार-2
उल्लेखनीय है कि चल रही ‘गैंगस्टरां ते वार’ मुहिम में और तेजी लाते हुए DGP पंजाब गौरव यादव ने रविवार को वॉन्टेड अपराधियों को पकड़ने पर केंद्रित 72 घंटे का ‘ऑपरेशन प्रहार-2’ शुरू किया था। पंजाब पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस कार्रवाई की अगुवाई के लिए व्यक्तिगत रूप से विभिन्न पुलिस जिलों का दौरा किया, जिसमें 12,000 कर्मचारियों वाली 2,000 से अधिक पुलिस टीमें शामिल थीं। इसके साथ ही DGP गौरव यादव ने यह साफ किया कि ‘गैंगस्टरां ते वार’ मुहिम तब तक जारी रहेगी, जब तक पंजाब पूरी तरह से गैंगस्टर मुक्त नहीं हो जाता।
तीन दिन के ऑपरेशन में 3 हजार गिरफ्तारियां
तीन दिनों तक चले इस ऑपरेशन के नतीजों के बारे में जानकारी देते हुए, स्पेशल डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (स्पेशल डीजीपी) कानून एवं व्यवस्था अर्पित शुक्ला ने बताया कि पूरे राज्य में कुल 7,498 व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है, जिनमें से 3260 को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में 135 फरार अपराधी (पीओ) शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस टीमों ने उनके कब्जे से 47 हथियार, 4.8 किलोग्राम हेरोइन, 3.6 किलोग्राम अफीम, 42,797 नशीली गोलियां, 68 किलोग्राम भुक्की और 30 लाख रुपये की ड्रग मनी भी बरामद की है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा, पुलिस टीमों ने 1,450 व्यक्तियों को एहतियातन हिरासत में लिया, जबकि 2,788 व्यक्तियों को जांच के बाद रिहा कर दिया गया।
एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर से कर सकते हैं रिपोर्ट
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि 72 घंटे चले इस ऑपरेशन ने उम्मीदों से अधिक उद्देश्य हासिल किए हैं और ‘गैंगस्टरां ते वार’ मुहिम तब तक जारी रहेगी, जब तक पंजाब पूरी तरह से गैंगस्टरों से मुक्त नहीं हो जाता। लोग गुप्त रूप से एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर- 93946-93946 के माध्यम से वांछित अपराधियों या गैंगस्टरों की रिपोर्ट कर सकते हैं और किसी भी प्रकार के अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों के बारे में सूचना या जानकारी भी साझा कर सकते हैं।
जारी है कार्रवाई
इस दौरान, पुलिस टीमों ने नशों के खिलाफ अपनी मुहिम ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध' को 347वें दिन भी जारी रखते हुए आज 164 नशा तस्करों को गिरफ्तार करके उनके कब्जे से 11.9 किलोग्राम हेरोइन, 344 नशीली गोलियां और 4700 रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। इसके साथ ही, केवल 347 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 49,129 हो गई है। ‘डी-एडिक्शन’ के हिस्से के रूप में, पंजाब पुलिस ने आज 14 व्यक्तियों को नशा छुड़ाने और पुनर्वास के लिए राजी किया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
