बठिंडा कैंट की रेकी कर पाकिस्तान भेजता था सैन्य ठिकानों की जानकारी, पंजाब से कथित जासूस गिरफ्तार

Bathinda Cantonment Spy Case: बठिंडा कैंट के संवेदनशील सैन्य ठिकानों की रेकी कर उनकी गोपनीय जानकारी पाकिस्तान भेजने के आरोप में मिलिट्री इंटेलिजेंस और पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

Bathinda Cantonment Spy Case: बठिंडा कैंट के संवेदनशील सैन्य ठिकानों की रेकी कर उनकी गोपनीय जानकारी पाकिस्तान भेजने के आरोप में मिलिट्री इंटेलिजेंस और पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान फिरोजपुर जिले के गांव जखरावां निवासी सतनाम सिंह उर्फ सत्तू के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में उसके पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के ऑपरेटिव्स के संपर्क में होने की बात सामने आई है।

Bathinda Cantonment Spy Case

बठिंडा में ISI के लिए जासूसी का आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, आरोपी कथित तौर पर पाकिस्तान में बैठे ISI ऑपरेटिव्स के निर्देश पर बठिंडा कैंट के संवेदनशील सैन्य प्रतिष्ठानों की रेकी करता था। वह सैन्य ठिकानों की लोकेशन और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाकर सीमा पार भेजता था। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी ने किन-किन सैन्य प्रतिष्ठानों की जानकारी जुटाई और यह सूचनाएं किस माध्यम से पाकिस्तान पहुंचाई गईं।

यह संयुक्त कार्रवाई काउंटर इंटेलिजेंस बठिंडा, मिलिट्री इंटेलिजेंस यूनिट बठिंडा (साउथ वेस्टर्न कमांड) और स्थानीय पुलिस ने मिलकर की। मामले में थाना सिविल लाइंस बठिंडा में 25 नवंबर 2026 को एफआईआर नंबर 0346 दर्ज की गई है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 113(3), 152 और ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट की धारा 3 के तहत केस दर्ज किया गया है।

तीन पुराने आपराधिक मामलों में भी वांछित

जांच में आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ फिरोजपुर जिले में पहले से तीन मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2022 में थाना सदर फिरोजपुर में दर्ज मामला, वर्ष 2026 में आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज केस और थाना आरिफ के में 6.25 किलो हेरोइन बरामदगी से जुड़ा NDPS एक्ट का मामला शामिल है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी आर्म्स एक्ट और हेरोइन बरामदगी के मामलों में भी वांछित था। आर्म्स एक्ट के मामले में ड्रोन और जिंदा कारतूसों की बरामदगी का पहलू भी सामने आया है। एजेंसियां अब उसके पुराने आपराधिक मामलों और कथित जासूसी नेटवर्क के बीच किसी संबंध की भी जांच कर रही हैं।

2026 में हथियार और नशा तस्करी पर भी कार्रवाई

काउंटर इंटेलिजेंस बठिंडा की ओर से वर्ष 2026 में राष्ट्रविरोधी गतिविधियों, हथियारों और नशा तस्करी के खिलाफ की गई कार्रवाइयों में 23 पिस्तौल, 63 जिंदा कारतूस, दो हैंड ग्रेनेड और दो सीसीटीवी कैमरे बरामद किए गए हैं। इसके अलावा बठिंडा में पेट्रोल बम से जुड़े दो मामलों को भी सुलझाने का दावा किया गया है।

नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में तीन किलो हेरोइन, एक किलो आइस, 180 किलो भुक्की और पांच किलो अफीम बरामद की गई। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां आरोपी के पाकिस्तानी संपर्कों, सैन्य ठिकानों की रेकी और कथित तौर पर भेजी गई सूचनाओं की जांच कर रही हैं। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गतिविधि में आरोपी अकेला शामिल था या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा था।

End Article
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में का...

End of Feed