Punjab AAP Sarpanch Murder: पंजाब के तरनतारन जिले में बुधवार को एक शादी समारोह के दौरान आम आदमी पार्टी (AAP) के सरपंच की हत्या कर दी गई। अज्ञात हमलावरों ने उनपर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। यह वारदात ऐसे समय में हुई जब पंजाब में राज्य सरकार अपने एंटी-गैंगस्टर ड्राइव, 'गैंगस्टरन ते वार' का दूसरा फेज चला रही है। पुलिस के अनुसार, फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। उन्हें गिरफ्तार करने के लिए टीमें भी बनाई गई हैं।
शादी समारोह में चली गोलियां
न्यूज एजेंसी पीटीआई के के अनुसार, थाथियां मेहता गांव के सरपंच हरपिंदर सिंह शादी समारोह में शामिल होने के लिए एक मैरिज पैलेस पहुंचे थे। समारोह के दौरान तीन हथियारबंद हमलावर वहां पहुंचे। उन्होंने बेहद नजदीक से सरपंच पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अचानक हुई फायरिंग से घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हरपिंदर सिंह के चचेरे भाई ने हमलावरों को पकड़ने के लिए उनका पीछा करने की कोशिश की। लेकिन गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
AK-47 से किया हमला
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हमले में AK-47 राइफल का इस्तेमाल किया गया था। घटनास्थल से पुलिस को दो खाली कारतूस भी बरामद हुए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि हरपिंदर सिंह आम आदमी पार्टी के एक्टिव मेंबर थे। उन्हें पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर का करीबी माना जाता था। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। साथ ही फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमें भी गठित की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
एक महीने पहले भी एक AAP सरपंच की हुई हत्या
गौरतलब है कि दिनदहाड़े सरपंच की हत्या की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले करीब एक महीने पहले अमृतसर जिले के वल्टोहा गांव में भी एक अन्य AAP सरपंच और नेता झरमल सिंह हत्या हो गई थी। उन्हें भी हमलावरों ने शादी समारोह के दौरान गोली मारी थी। जिससे उनकी मौत हो गई थी। लगातार दूसरी ऐसी घटना ने पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
