शहर

बिजली की दरों में बड़ी कटौती, 1.5 प्रति यूनिट की छूट; इस राज्य में उपभोक्ताओं को बड़ी राहत

पंजाब में आम लोगों से लेकर औद्योगिक क्षेत्र के लिए कम दर में बिजली मुहैया कराने के लिए दरों में बड़ी कटौती की गई है। सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरों में अधिकतम 1.5 रुपये प्रति यूनिट और उद्योगों के लिए बिजली दरों में 74 पैसे प्रति यूनिट तक की कटौती की है।

Image

(पंजाब में बिजली दरों में कटौती-फोटो-AI)

पंजाब में बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए राज्य सरकार ने बिजली दरों में उल्लेखनीय कमी की घोषणा की है। यह कमी नए टैरिफ आदेश के तहत लागू की गई है, जिसे Punjab State Electricity Regulatory Commission (PSERC) ने जारी किया है। राज्य सरकार का कहना है कि यह फैसला उपभोक्ताओं को राहत देने और बिजली क्षेत्र में सुधार के प्रयासों का परिणाम है। इससे आम लोगों के साथ औद्योगिक इकाइयां संचालित करने वाले व्यवसायी तबके को प्रत्यक्ष तौर पर लाभ मिलेगा।

कितने रुपये कम हुई बिजली दर

मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार के कार्यकाल में घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरों में अधिकतम 1.5 रुपये प्रति यूनिट तक की कमी की गई है। इससे लाखों परिवारों के मासिक बिजली बिल में राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और दुकानों के लिए बिजली दरों में अधिकतम 79 पैसे प्रति यूनिट तक की कमी की गई है। छोटे और मध्यम व्यापारियों के लिए यह फैसला महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे उनके संचालन खर्च में कमी आएगी। व्यवसाय करने वाले लोगों को आर्थिक तौर पर राहत देने के लिए ये बड़ा कदम है। इससे किसानों को बड़ी सहूलियत मिलेगी।

औद्योगिक क्षेत्र 74 पैसे प्रति यूनिट कटौती

सरकार ने औद्योगिक क्षेत्र को भी राहत देते हुए उद्योगों के लिए बिजली दरों में 74 पैसे प्रति यूनिट तक की कटौती की है। सरकार का मानना है कि इससे उद्योगों की उत्पादन लागत कम होगी और राज्य में निवेश को बढ़ावा मिलेगा। इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहित करने के लिए ईवी चार्जिंग स्टेशनों की बिजली दर घटाकर 5 रुपये प्रति यूनिट कर दी गई है। यह दर देश में सबसे कम बिजली दरों में से एक मानी जा रही है और इससे राज्य में ईवी इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार को गति मिलने की उम्मीद है।

नए टैरिफ आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि राज्य की बिजली वितरण कंपनी Punjab State Power Corporation Limited (PSPCL) मुख्यमंत्री भगवंत मान के कार्यकाल में पहली बार एक कुशल और मुनाफा कमाने वाली कंपनी बनी है। कंपनी को A+ रेटिंग मिली है और वित्त वर्ष 2024-25 में लगभग 2634 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया गया है।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article