Ferozepur Drug Trafficking: पंजाब के फिरोजपुर जिले में नशा तस्करी के खिलाफ नारकोटिक्स कंट्रोल टास्क फोर्स (NTF) ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से करीब 15 किलोग्राम संदिग्ध नशीला पदार्थ बरामद किया गया है, जिसे हेरोइन बताया जा रहा है। बरामदगी में नशीले पदार्थ के 30 पैकेट और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी शामिल है।
नशा तस्करी के खिलाफ NTF की कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम ने विशेष अभियान के तहत नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल वहां से गुजरती हुई नजर आई, जिसे रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान 30 पैकेट संदिग्ध नशीला पदार्थ बरामद किया गया। इसके बाद दोनों युवकों को हिरासत में लेकर मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई।
दोनों आरोपी फिरोजपुर जिले के निवासी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सियेमन सिंह उर्फ समाल (27) और हरभजन सिंह उर्फ बब्बू (20) के रूप में हुई है। दोनों फिरोजपुर जिले के गुरुहरसहाय उपमंडल के गांव संघा ठाड़ के निवासी हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बरामद पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 75 करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान है। हालांकि, पदार्थ की वास्तविक प्रकृति और वजन की अंतिम पुष्टि फॉरेंसिक और लैब टेस्ट रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - अमीर कारोबारी बनकर महिला कांस्टेबलों को फंसाता था ठग, लिव-इन पार्टनर की मदद से ऐंठता था पैसे, गिरफ्तार
तस्करी नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस गिरफ्तार हुए दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि नशीले पदार्थ की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और पूरे तस्करी नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। जांच में यह पता लगाने का प्रयास भी किया जा रहा है कि इस मामले के तार स्थानीय स्तर पर जुड़े हैं या सीमा पार से भी कोई संबंध है। फिलहाल, पुलिस ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।
