Punjab Crime: पंजाब में 9 साल की मासूम के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। बच्ची बिहार की रहने वाली है। बच्ची जब चिल्लाने लगी और मां को बताने की बात कहने लगी तो पकड़े जाने के डर से 40 साल के आरोपी ने उसे कमरे के पंखे से फंदे पर लटका दिया। इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई।
आरोपी का नाम दयानंद है। वह झारखंड का रहने वाला है। वारदात को अंजाम देकर वह उसी शाम ट्रेन पकड़कर झारखंड भागने की तैयारी में था। इतना ही नहीं, वारदात के बाद उसने अपना फोन भी बंद कर दिया था, लेकिन मोगा पुलिस ने उसे बुगीपुरा चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूला। । आरोपी पर रेप, हत्या और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। बता दें कि यह घटना 25 मई की है।
कैसे आरोपी ने अपराध को दिया अंजाम?
गर्मी के कारण गली में सन्नाटा था और बच्ची अपने किराए के कमरे में अकेली बैठकर मोबाइल चला रही थी। इसी दौरान उसकी बड़ी बहन अपनी मां के पास मोबाइल देने के लिए कुछ देर के लिए कमरे से बाहर गई थी।
इलाके में मजदूरी करने वाला आरोपी दयानंद काफी समय से इसी ताक में था कि बच्ची कब अकेली मिले। कमरे को सूना पाकर वह चुपके से अंदर दाखिल हो गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी की नीयत बच्चियों को लेकर पहले से ही खराब थी। मौका पाकर उसने बच्ची को दबोच लिया और उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया।
पंखे से फंदा बांधकर बच्ची को लटकाया
अचानक हुए इस हमले से घबराई बच्ची ने खुद को बचाने के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया। बच्ची द्वारा चिल्लाने और मां को बुलाकर आरोपी का नाम उजागर करने की बात कहने पर आरोपी घबरा गया। पकड़े जाने के डर से उसने पहले बच्ची का गला घोंटने की कोशिश की, और फिर अपराध को छुपाने के लिए कमरे के पंखे से फंदा बांधकर उसे लटका दिया।
जब पड़ोसी और मजदूर कमरे के अंदर पहुंचे तो उन्होंने तुरंत बच्ची को फंदे से नीचे उतारा। जब बच्ची को नीचे उतारा गया, तब उसकी सांसें चल रही थीं। लोग उसे गोद में उठाकर मोगा के सरकारी अस्पताल की तरफ भागे। अस्पताल पहुंचने से ठीक पहले उसने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बड़ी बहन ने मां और पड़ोसियों को बताया कि आखिरी बार जब वह गई थी, तब आरोपी दयानंद वहीं आसपास मंडरा रहा था तो परिजनों को उस पर गहरा शक हुआ। आरोपी ने अपना फोन भी बंद कर लिया था। धीरे-धीरे शक यकीन में बदलने लगा। परिजनों ने तुरंत पुलिस को खबर की। पुलिस ने शहर के रास्तों पर नाकाबंदी कर दी। बुगीपुरा चौक के पास भागने की कोशिश कर रहे आरोपी दयानंद को पुलिस ने धर दबोचा।
