Punjab News: पंजाब के कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान दिलाने और राज्य के खाद्य निर्यात को बढ़ावा देने के लक्ष्य से मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने फ्रांस की राजधानी पेरिस में आयोजित अंतरराष्ट्रीय खाद्य प्रदर्शनी 'एस.आई.ए.एल. पेरिस 2026' में दो नए उत्पाद लॉन्च किए। मार्कफेड के प्रमुख ब्रांड 'सोहणा' के तहत कैन्ड सफेद छोले और कैन्ड राजमा पेश किए गए हैं। इन उत्पादों के जरिए दुनिया भर के उपभोक्ताओं तक पंजाबी खानपान का स्वाद पहुंचाने के साथ किसानों की आय बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
'एस.आई.ए.एल. पेरिस 2026' में सोहणा ब्रांड के दो नए उत्पाद लॉन्च
मार्कफेड के प्रदर्शनी स्टॉल का उद्घाटन
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पेरिस में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए इंडिया पवेलियन का दौरा किया और मार्कफेड के प्रदर्शनी स्टॉल का उद्घाटन किया। इस दौरान पंजाब की कृषि विरासत, खाद्य प्रसंस्करण क्षमता और पारंपरिक उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने की संभावनाओं को प्रदर्शित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब को केवल देश के अन्न भंडार तक सीमित रखने के बजाय उच्च गुणवत्ता वाले खाद्य उत्पादों, आधुनिक फूड प्रोसेसिंग और वैल्यू एडिशन के अंतरराष्ट्रीय केंद्र के रूप में विकसित करना सरकार का लक्ष्य है।
किन चीजों को बढ़ावा देने पर है मान सरकार का जोर?
सीएम मान ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर भी नए उत्पादों की लॉन्चिंग की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि पंजाब के शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने से किसानों, सहकारी संस्थाओं और उद्यमियों के लिए नए अवसर पैदा होंगे। सरकार का जोर कृषि उपज की प्रोसेसिंग, आधुनिक पैकेजिंग, ब्रांडिंग और निर्यात को बढ़ावा देने पर है।
सोहणा ब्रांड के पोर्टफोलियो में ये खाद्य उत्पाद शामिल
'एस.आई.ए.एल. पेरिस 2026' में 'पंजाब मार्ट' के तहत मार्कफेड, मिल्कफेड के वेरका ब्रांड और पंजाब एग्रो के उत्पादों को संयुक्त रूप से प्रदर्शित किया जा रहा है। मार्कफेड के सोहणा ब्रांड के पोर्टफोलियो में सरसों का साग, दाल मखनी, राजमा, कढ़ी पकौड़ा, अमृतसरी छोले, सरसों का तेल, अचार, मुरब्बे और अन्य खाद्य उत्पाद शामिल हैं।
मार्कफेड का सालाना कारोबार 21,248 करोड़ रुपये से ज्यादा
मार्कफेड के मुताबिक, संस्थान का सालाना कारोबार 21,248 करोड़ रुपये से अधिक है और यह पंजाब के लगभग 20 लाख किसानों के हितों से जुड़ा है। इसके उत्पाद मध्य पूर्व, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड समेत 20 से अधिक देशों में भेजे जाते हैं। प्रदर्शनी के दौरान पंजाब के प्रतिनिधिमंडल ने फ्रांस और अन्य अंतरराष्ट्रीय खाद्य कंपनियों के साथ व्यावसायिक बैठकें भी कीं। इनका उद्देश्य नए खरीदारों और वितरकों से संपर्क बढ़ाना, निर्यात बाजार तलाशना तथा फूड प्रोसेसिंग, पैकेजिंग, कोल्ड-चेन और लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाएं विकसित करना है।
