CM Bhagwant Mann Hospitalized: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की तबीयत अचानक खराब होने के बाद उन्हें मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, महाशिवरात्रि के अवसर पर वे आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ अपने विधानसभा क्षेत्र धुरी में एक मंदिर में दर्शन करने गए थे। चंडीगढ़ लौटते समय हेलीकॉप्टर यात्रा के दौरान उन्हें घबराहट महसूस हुई। एहतियातन उन्हें तुरंत जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया। मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, सभी चिकित्सकीय रिपोर्ट आने तक वे अस्पताल में ही निगरानी में रहेंगे।
डॉक्टरों की निगरानी में रहेंगे सीएम मान
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, जब तक भगवंत मान की सभी चिकित्सकीय रिपोर्ट्स की पूरी जांच नहीं हो जाती, तब तक वे अस्पताल में ही डॉक्टरों की निगरानी में रहेंगे। अस्पताल पहुंचते ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण शुरू कर दिया। वे लगभग दोपहर 3 बजे अस्पताल पहुंचे थे।
सख्त सुरक्षा इंतजाम किए गए
अस्पताल परिसर के बाहर सख्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव और राज्य के मुख्य सचिव भी अस्पताल में मौजूद हैं। फिलहाल, अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है और न ही आम आदमी पार्टी ने उनकी स्थिति को लेकर कोई स्पष्ट बयान दिया है।
रंकेश्वर महादेव शिव मंदिर में की पूजा-अर्चना
आज दोपहर मुख्यमंत्री भगवंत मान संगरूर जिले के धुरी स्थित रंकेश्वर महादेव शिव मंदिर में पूजा करने पहुंचे थे। इस दौरान आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया भी उनके साथ मौजूद रहे। तीनों नेताओं ने मंदिर में हवन और पूजा-अर्चना में हिस्सा लिया। धार्मिक कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री की तबीयत अचानक बिगड़ गई।
पिछले साल भी बिगड़ी थी तबीयत
स्वास्थ्य कारणों से उनका फाजिल्का दौरा रद्द कर दिया गया है। साथ ही, 16 फरवरी को मोगा में प्रस्तावित उनकी रैली भी स्थगित कर दी गई है। पिछले साल सितंबर में भी थकावट और हृदय की धड़कन धीमी होने की शिकायत के चलते उन्हें अस्पताल में दाखिल किया गया था। इससे पहले भी वे इसी अस्पताल में बैक्टीरियल संक्रमण के उपचार के लिए भर्ती रह चुके हैं।
