शहर

पंजाब भाजपा अध्यक्ष की नियुक्ति पर विवाद,अमरिंदर सिंह हुए नाराज; पाला बदलने की अटकलों को भाजपा ने किया खारिज

पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होना है, उससे पहले राजनीतिक दलों ने गठजोड़ और अपनी सियासी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी ने केवल सिंह ढिल्लो को पंजाब भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनके पद ग्रहण समारोह के दौरान पंजाब भाजपा के कई बड़े नेता अनुपस्थित रहे। जिसके बाद सियासी गलियारों में कई तरह की बातें चलने लगी हैं।

Image

कैप्टन अमरिंदर सिंह।

Photo : PTI

पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में केवल सिंह ढिल्लों के पदभार ग्रहण समारोह में कैप्टन अमरिंदर सिंह, राघव चड्ढा एवं हरभजन सिंह समेत कई प्रमुख नेताओं की अनुपस्थिति के बाद राज्य की राजनीति में नई चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। खास तौर पर पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के कार्यक्रम से दूर रहने और नई नियुक्ति पर खुलकर सवाल उठाने से उनके भाजपा छोड़ने की अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि भाजपा का कहना है कि ऐसा कुछ नहीं है और उनके कांग्रेस में लौटने की खबरें केवल अफवाह हैं।

अमरिंदर सिंह की नाखुशी की चर्चा तेज

गौरतलब है कि साल 2021 में कांग्रेस छोड़ने वाले अमरिंदर सिंह की नाखुशी की चर्चा तब और बढ़ गई जब उन्होंने विधानसभा चुनाव से ऐन पहले केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब भाजपा अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर सवाल उठाए थे। साथ ही उन्होंने कहा था कि उनसे इस बारे में सलाह नहीं ली गई थी।

बता दें कि अमरिंदर सिंह की तरह केवल सिंह ढिल्लों भी 2022 में भाजपा में शामिल हुए थे। इससे पहले लंबे समय तक वह कांग्रेस में रहे।अमरिंदर सिंह ढिल्लों की नियुक्ति पर अपनी असहमति जताते रहे हैं। हालांकि ढिल्लो को वह अपना मित्र भी कहते हैं। हाल ही में उन्होंने कहा था कि पहले हम एक-दूसरे को दोस्त के रूप में जानते हैं, लेकिन दोस्ती एक पहलू है और राजनीतिक क्षमता दूसरा पहलू है। मुझे नहीं लगता कि केवल उस स्थिति में हैं जो भाजपा उनसे चाहती है। मैं ऐसा इसलिए कह रहा हूं क्योंकि जब मैं अध्यक्ष और मुख्यमंत्री था तब वह सक्रिय रूप से शामिल थे और जमीनी स्तर पर उनका प्रदर्शन वैसा नहीं रहा जैसा होना चाहिए था। भाजपा को इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए था।

केवल सिंह ढिल्लो के शपथ ग्रहण में कौन शामिल हुआ और कौन नहीं?

बता दें कि पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होना है, उससे पहले राजनीतिक दलों ने गठजोड़ और अपनी सियासी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी ने केवल सिंह ढिल्लो को पंजाब भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनके पद ग्रहण समारोह के दौरान पंजाब भाजपा के कई बड़े नेता अनुपस्थित रहे। जिसके बाद सियासी गलियारों में कई तरह की बातें चलने लगी हैं। इस समारोह में भले ही अमरिंदर सिंह शामिल नहीं हुए लेकिन दिलचस्प बात यह है कि अमरिंदर सिंह की पत्नी परनीत कौर और बेटी जै इंदर कौर समारोह में मौजूद थीं तथा उन्होंने नए प्रदेश अध्यक्ष को अपना समर्थन दिया।

वहीं, हाल ही में आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा, हरभजन सिंह, राजिंदर गुप्ता और संदीप पाठक भी कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। हालांकि भाजपा के अन्य राज्यसभा सदस्य अशोक मित्तल और विक्रमजीत साहनी समारोह में मौजूद रहे।

कांग्रेस में शामिल होने पर क्या बोले हरियाणा के पूर्व सीएम?

इस बीच, कांग्रेस नेता और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा (जिनके अमरिंदर सिंह के साथ अच्छे व्यक्तिगत संबंध हैं) से जब पत्रकारों ने पूछा कि क्या दिग्गज नेता अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में वापसी की संभावना है तो उन्होंने जवाब दिया,"मैं नहीं कह सकता, आपको उनसे (अमरिंदर से) पूछना होगा।"

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article