पुणे

Pune में रोडवेज बस में महिला से दुष्कर्म, आरोपी ने ऐसे रची साजिश; CCTV में कैद हुआ...

महाराष्ट्र के पुणे शहर में रोडवेज बस के अंदर महिला के साथ दुष्कर्म होने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसे दीदी' कहकर बुलाया फिर उसके साथ जबरदस्ती वारदात को अंजाम दिया।

Image

(सांकेतिक फोटो)

पुणे: पुणे शहर में राज्य परिवहन की एक खड़ी बस में एक व्यक्ति ने 26 वर्षीय महिला से कथित तौर पर बलात्कार किया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी और बताया कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड है। मंगलवार की सुबह हुई इस घटना पर विपक्षी दलों के नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने पुणे क्षेत्र में बढ़ते अपराध से निपटने में विफल रहने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के गृह विभाग को दोषी ठहराया। स्वरगेट थाने के एक अधिकारी ने बताया कि संदिग्ध दत्तात्रेय रामदास गाडे (36) के खिलाफ चोरी और चेन झपटमारी के मामले दर्ज हैं। स्वरगेट महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) के सबसे बड़े बस जंक्शनों में से एक है। महिला के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब पौने छह बजे वह सतारा जिले के फलटण के लिए एक स्टैंड पर बस का इंतजार कर रही थी, तभी एक व्यक्ति उसके पास आया और उससे बातचीत करते हुए उसे 'दीदी' कहकर बुलाया। महिला के अनुसार आरोपी ने उससे कहा कि सतारा के लिए बस दूसरे स्टैंड पर आ गई है।

बस के अंदर ले जाकर दिया

आरोप है कि इसके बाद वह उसे स्टेशन परिसर में ही खड़ी एक खाली 'शिव शाही' एसी बस में ले गय और बस के अंदर की लाइटें चालू न होने के कारण वह पहले तो बस में चढ़ने से हिचकिचाई, लेकिन व्यक्ति ने उसे आश्वस्त किया कि यह सही बस है। महिला के अनुसार आरोपी ने उससे कहा कि वह बस में चढ़ने के बाद टॉर्च जलाकर देख सकती है, इसके बाद वह उसके पीछे अंदर गया और फिर दुष्कर्म करके भाग गया। अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से आरोपी गाडे की पहचान की और उसे पकड़ने के लिए कई टीम बनाई गई हैं।

पुलिस उपायुक्त स्मार्तना पाटिल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में महिला आरोपी के साथ बस की ओर जाती हुई दिखाई दे रही है। घटना के समय बस अड्डा परिसर में कई लोग और कई बसें थीं। डीसीपी ने कहा कि महिला ने घटना के तुरंत बाद पुलिस से संपर्क नहीं किया, बल्कि फलटन जाने वाली बस में सवार हो गई और यात्रा के दौरान अपने दोस्त को फोन पर घटना के बारे में बताया। पाटिल ने कहा कि अपने दोस्त की सलाह पर वह थाने चली गई। महिला की हालत स्थिर है और उसने पुलिस को स्पष्ट बयान दिया है। भारतीय न्याय संहिता के तहत बलात्कार का मामला दर्ज किया गया है।

डीसीपी ने बताया कि पुणे जिले के शिकारपुर और शिरुर थानों में गाडे के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज किए गए हैं। उसे पकड़ने के लिए पुलिस ने आठ टीम बनाई हैं। खोजी कुत्तों की टीम का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की नेता और बारामती की सांसद सुप्रिया सुले ने इस घटना को लेकर भाजपा नीत महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने बताया कि पास में ही पुलिस चौकी है और इलाके में नियमित गश्त होती है। फिर भी स्वरगेट में इस तरह की घटना होती है, जो दर्शाता है कि असामाजिक तत्वों को कानून का कोई डर नहीं है। गृह विभाग पुणे में अपराध रोकने में विफल रहा है। इस मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक अदालत में होनी चाहिए और आरोपियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख हर्षवर्धन सपकाल ने दावा किया कि राज्य में बलात्कार की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि एमएसआरटीसी बसें महाराष्ट्र की जीवन रेखा हैं और अब एमएसआरटीसी बस के अंदर बलात्कार की घटना हुई है। जब दिल्ली में निर्भया सामूहिक बलात्कार की घटना हुई थी, तो लोगों ने सरकार बदल डाली थी। आप (भाजपा नीत सरकार) महिलाओं के लिए लाडकी बहिन योजना (वित्तीय सहायता प्रदान करना) को बढ़ावा देते हैं, लेकिन लोगों के बुनियादी मुद्दों को नजरअंदाज करते हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!