महाराष्ट्र : तम्हिनी घाट पर 400 फीट गहरी खाई में गिरी कार, 6 लोगों की मौत

पुलिस ने सड़क पर एक मोड़ पर सुरक्षा रेलिंग टूटी हुई देखी जिसके बाद एक ड्रोन की मदद से पता चला कि एक एसयूवी घाटी में एक पेड़ से अटकी हुई थी।

महाराष्ट्र के रायगड जिले में पिकनिक मनाने निकले छह युवकों की उस वक्त मौत हो गई जब उनकी एसयूवी तम्हिनी घाट पर 400 फुट गहरी खाई में गिर गई। इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना मंगलवार तड़के हुई थी, लेकिन पुलिस को इसकी सूचना बृहस्पतिवार सुबह मिली। उन्होंने कहा कि ड्रोन कैमरे की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहन का पता लगाया गया। मृतकों की उम्र 18 से 22 वर्ष के बीच थी। वे सोमवार देर शाम एक थार एसयूवी में पुणे से रवाना हुए थे।

Tamhini Ghat Accident

तम्हिनी घाट पर 400 फीट गहरी खाई में गिरी कार (फोटो-ANI)

अधिकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह से संपर्क न हो पाने पर कुछ युवकों के माता-पिता ने पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने बताया कि युवकों के मोबाइल फोन की लोकेशन तम्हिनी घाट पर मिली और मानगांव थाने के कर्मियों ने बृहस्पतिवार सुबह खोज अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने सड़क पर एक मोड़ पर सुरक्षा रेलिंग टूटी हुई देखी जिसके बाद एक ड्रोन की मदद से पता चला कि एक एसयूवी घाटी में एक पेड़ से अटकी हुई थी।

End of Feed