तेज रफ्तार डंपर ने युवती को मारी टक्कर (सांकेतिक तस्वीर | iStock)
Hinjawadi Accident: पुणे के आईटी हब हिंजवाड़ी में तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाह ड्राइविंग एक बार फिर मौत की वजह बनी है। सोमवार शाम तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से 20 वर्षीय युवती की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने देर शाम तक उसे गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम 20 वर्षीय तन्वी साखरे सड़क पार कर रही थी, तभी तेज रफ्तार में आ रहे एक डंपर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन छोड़कर भाग निकला, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे देर शाम गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार चालक का नाम अजय ढाकणे है, उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
हादसे के बाद पुलिस हरकत में आई है और बताया गया है कि डंपर, रेडी-मिक्स वाहनों और अन्य भारी वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि हिंजवाड़ी क्षेत्र में ट्रैफिक प्रबंधन को मजबूत किया जाए, भारी वाहनों का प्रवेश सीमित किया जाए और आईटी पार्क के आसपास सख्त सुरक्षा उपाय लागू किए जाएं। उनका कहना है कि जब तक भारी वाहनों पर नियंत्रण नहीं होगा, इस तरह की दुखद घटनाएं रोकना मुश्किल होगा।