Pune Bangalore Highway Accident: पुणे-बेंगलुरु हाईवे के नवले पुल क्षेत्र में गुरुवार शाम एक बार फिर भयावह सड़क हादसा हुआ, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि दो कंटेनर और एक कार के बीच जोरदार टक्कर हुई, जिसके बाद दोनों कंटेनरों में आग लग गई। हादसे के दौरान कार बीच में फंस गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस दुर्घटना में 8 लोगों की जान चली गई है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीनों वाहन एक ही दिशा में तेज रफ्तार से चल रहे थे। तभी आगे चल रहे कंटेनर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे से आ रही कार का चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे सामने वाले कंटेनर से टकरा गई। इसी दौरान पीछे से आ रहा दूसरा कंटेनर भी कार से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कुछ ही क्षणों में दोनों कंटेनरों में आग भड़क उठी।
जानकारी के अनुसार, इस भीषण हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 14 लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। हालांकि, आग पर काबू पाने तक काफी नुकसान हो चुका था। पूरे क्षेत्र में धुआं और आग की लपटें फैल गई थीं। नवले पुल के आसपास लगातार हो रहे ऐसे हादसों से स्थानीय लोगों में रोष है। नागरिकों ने प्रशासन से इस क्षेत्र में दुर्घटनाएं रोकने के लिए स्थायी समाधान की मांग की है।
पुणे सिटी पुलिस के डीसीपी संभाजी कदम ने बताया कि राहत कार्य अभी जारी है और मृतकों की पहचान की जा रही है। लगातार हो रहे ऐसे हादसों को देखते हुए स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से नवले पुल क्षेत्र में स्थायी सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है। प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक, एक भारी कंटेनर ट्रक मुंबई की ओर जाते समय राजमार्ग पर पुल के पास ब्रेक फेल होने के कारण नियंत्रण खो बैठा। इसके चलते यह ट्रक आगे चल रहे एक अन्य बड़े कंटेनर से टकरा गया। इस टकराव के बीच, उनके बीच में मौजूद एक कार फंस गई और अंत में वह भी चकनाचूर हो गई। दुर्घटना के बाद दोनों कंटेनरों और कार में भीषण आग लग गई।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पुणे के नवले ब्रिज हादसे में मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। एनसीपी के विधायक रोहित पवार ने बताया कि नवले ब्रिज अब एक खतरनाक ब्लैक स्पॉट बन गया है, जहां विभिन्न दुर्घटनाओं में कई लोगों की जान जा चुकी है। उन्होंने कहा कि एक ही हादसे में 9 से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं और ब्रिज पर ट्रैफिक जाम व भारी वाहनों की आवाजाही अत्यंत खतरनाक हो गई है। पवार ने प्रशासन से इसे गंभीरता से लेने और तत्काल प्रभावी कदम उठाने की अपील की। शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे ने भी इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी और घायल हुए नागरिकों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।