Pune Yewalewadi Firing Incident: पुणे शहर के येवलेवाड़ी इलाके में शनिवार शाम गोलीबारी की एक घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने पीड़ित पर कई गोलियां दागीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही फॉरेंसिक विशेषज्ञों और पुलिस की टीमें जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंचीं।
पुणे सिटी पुलिस के डीसीपी जोन 5 राजकुमार शिंदे ने बताया, “मृतक की पहचान गणेश काले के रूप में हुई है, जो पेशे से रिक्शा चालक था और उसके खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमले के दौरान चार राउंड फायरिंग की गई। बताया जा रहा है कि आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे और गोलीबारी के बाद मौके से फरार हो गए।”
ANI से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, “घटना के पीछे गैंगवार की आशंका जताई जा रही है। आरोपियों की तलाश के लिए पुणे पुलिस की दस टीमें गठित की गई हैं और जांच जारी है।” अधिकारियों ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और चश्मदीदों के बयान लेकर घटनाक्रम की कड़ी जोड़ने का प्रयास कर रही है।
