Indigo Flight Emergency Exit Incident: हुबली से पुणे जा रही एक इंडिगो फ्लाइट में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। जहां एक यात्री ने अचानक विमान का इमरजेंसी एग्जिट गेट खोल दिया। यात्री की पहचान बेलगावी जिले के रहने वाले निरंजन करगी के तौर पर हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, 12 सितंबर को इंडिगो की उड़ान संख्या 6E 7068 हुबली से पुणे के लिए रवाना होने वाली थी। इसी दौरान यात्री निरंजन करगी विमान में सवार हुए। आरोप है कि बोर्डिंग के तुरंत बाद उन्होंने अचानक विमान का इमरजेंसी एग्जिट दरवाजा खोल दिया। इस हरकत से विमान में सवार अन्य यात्रियों की जान खतरे में पड़ सकती थी।
स्टाफ से संभाली स्थिति
इंडिगो के स्टाफ ने स्थिति को तुरंत नियंत्रित किया और विमान को सुरक्षित रखा। एयरलाइन के क्रू और जमीन पर मौजूद कर्मचारियों ने निरंजन करगी को हिरासत में ले लिया और तय प्रोटोकॉल के अनुसार उन्हें सुरक्षा एजेंसियों के हवाले कर दिया। इसके बाद करगी को हुबली के गोकुल रोड पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है कि यात्री ने ऐसा क्यों किया और क्या इसके पीछे कोई और वजह थी।
विमान का इमरजेंसी एग्जिट गेट खोलना गंभीर अपराध
यह घटना एक बार फिर से हवाई यात्रा में सुरक्षा नियमों और यात्रियों की जिम्मेदारी की अहमियत को रेखांकित करती है। विमान में इमरजेंसी एग्ज़िट दरवाज़ा केवल आपात स्थिति में खोला जाता है और बिना वजह ऐसा करना गंभीर अपराध माना जाता है।
