Pune News: ब्रिटेन के उच्चायोग ने पुष्टि की है कि फरार गैंगस्टर नीलेश घायवाल वर्तमान में लंदन में विजिटर वीजा पर रह रहा है। उच्चायोग ने यह भी बताया कि ब्रिटिश अधिकारियों को उसके पासपोर्ट के रद्द होने की सूचना दे दी गई है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, पुणे पुलिस को संदेह था कि शहर का यह कुख्यात अपराधी धोखाधड़ी से पासपोर्ट प्राप्त करने के बाद ब्रिटेन भाग गया है। इसी कारण, पुलिस ने ब्रिटिश उच्चायोग को पत्र लिखकर उसे हिरासत में लेने और प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध किया था।
पुलिस उपायुक्त संभाजी कदम ने बताया कि उन्हें ब्रिटेन के उच्चायोग से आधिकारिक जवाब प्राप्त हुआ है। उच्चायोग ने पुष्टि की है कि नीलेश घायवाल लंदन में आगंतुक वीजा पर मौजूद है और वह अपने पुत्र से मिलने वहां गया है। कदम ने बताया कि उच्चायोग ने ईमेल के माध्यम से सूचित किया है कि उन्होंने ब्रिटेन के संबंधित विभागों को यह जानकारी दे दी है कि भारतीय एजेंसियों ने घायवाल का पासपोर्ट रद्द कर दिया है।
घायवाल के फरार होने से कुछ दिन पहले, 18 सितंबर को पुणे के कोथरूड क्षेत्र में एक रोड रेज की घटना हुई थी। इस दौरान उसके सहयोगियों पर एक व्यक्ति को गोली मारकर घायल करने का आरोप लगा था। घटना के बाद घायवाल के खिलाफ शहर में आपराधिक मामला दर्ज किया गया। उसके देश छोड़ने के बाद, पुणे पुलिस ने उसके खिलाफ अवैध रूप से पासपोर्ट प्राप्त करने सहित कई अन्य मामले भी दर्ज किए।
(इनपुट - भाषा)
