महोबा : जिले स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर के पुजारी की अज्ञात हमलावरों ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस की एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र के जैतपुर इलाके की है। फिलहाल, पुलिस आरोपियों की तलाश में जानकारी जुटा रही है।
(सांकेतिक फोटो-Istock)
महोबा जिले की अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) वंदना सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र के जैतपुर में प्राचीन हनुमान मंदिर के पुजारी उदित नारायण मिश्रा (65) का खून से लथपथ शव मंदिर परिसर में मिला। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - 'ऑपरेशन जंतर-मंतर' : सिविल ड्रेस में पुलिस और एम्बुलेंस का ग्रीन कॉरिडोर; सोनम वांगचुक के हॉस्पिटल शिफ्टिंग क्या था 'सीक्रेट प्लान'?
उन्होंने बताया कि शव पर लाठी-डंडों के निशान पाए गए और ऐसा प्रतीत होता है कि अज्ञात हमलावरों ने शुक्रवार रात उनकी हत्या की है। अधिकारी ने बताया कि पुजारी उदित नारायण मूल रूप से हमीरपुर जिले के निवासी थे और पिछले 15-16 से प्राचीन हनुमान मंदिर का प्रबंधन कर रहे थे। कयास लगाए जा रहे हैं कि किसी से अनबन या अन्य बात को लेकर विवाद हुआ होगा, जिसके बाद उन पर हमला कर दिया गया।
एएसपी ने बताया कि घटनास्थल से कुछ महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं और मामले की जांच की जा रही है। वंदना सिंह के मुताबिक, इस सिलसिले में पुजारी के भाई जुगुल की तहरीर के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का का केस दर्ज किया है। वारदात के खुलासे के लिए पुलिस टीम अपना काम कर रही है और जल्द ही इसका खुलासा कर दिया जाएगा। फिलहाल, हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
