शहर

झज्जर में गर्भवती बैंककर्मी की हत्या से सनसनी, हिरासत में पति; चार महीने पहले हुई थी शादी

झज्जर जिले के पाहसोर गांव के पास एक गर्भवती बैंककर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या से सनसनी फैल गई है। चार महीने पहले हुई शादी के बाद गुरुग्राम में रह रहे दंपति के बीच यह वारदात सामने आई, जिसमें पति पर आरोप लगाए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, जबकि परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं।

Image

झज्जर में गर्भवती बैंक कर्मचारी की हत्या से हड़कंप

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Jhajjar Pregnant Bank Employee Murder: हरियाणा के झज्जर जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है। जानकारी के मुताबिक, पाहसोर गांव के नजदीक हांसी की एक गर्भवती बैंक कर्मचारी की हत्या का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने महिला के पति पर संदेह जताया है। पुलिस ने बताया कि, हिसार निवासी अंशुल की शादी करीब चार महीने पहले हांसी की रहने वाली महक से हुई थी। महक गुरुग्राम स्थित एक प्राइवेट बैंक में कार्यरत थी, जबकि उसका पति अंशुल भी गुरुग्राम में चार्टर्ड अकाउंटेंट के रूप में काम करता है।

खुद पति ने दी पुलिस को जानकारी

बताया जा रहा है कि हत्या की सूचना खुद अंशुल ने पुलिस को दी थी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, महक की गला रेतकर किसी नुकीले धारदार हथियार से हत्या की गई। घटना के बाद से मृतका के परिजन गहरे सदमे में हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग की है।

मृतका की बहन ने क्या बताया

घटना के बाद मृतका की बहन श्रुति ने बताया कि महक करीब दो महीने की गर्भवती थी। बहन श्रुति ने सीधे तौर पर अपने जीजा अंशुल पर ही हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि जब दोनों के रिश्ते में सब कुछ ठीक चल रहा था, तो फिर ऐसी घटना क्यों हुई? श्रुति ने दोषी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करते हुए सख्त सजा देने की मांग की है। महक की मौत से पूरे परिवार में मातम छा गया है।

मामले की जांच जारी

उधर, पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर सबूत हासिल करने के लिए विस्तृत जांच की। सूत्रों के अनुसार, हत्या के आरोप में पति को हिरासत में लिए जाने की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पूरे मामले को लेकर पुलिस फिलहाल कुछ भी कहने से परहेज कर रही है और जांच जारी होने की बात कही जा रही है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article